👁️ अब तक पढ़ा गया:
बार
बिहार के सरकारी स्कूलों में बड़ा आदेश! पढ़ाई के समय बैठक और ट्रेनिंग पर रोक, शिक्षक गायब तो दूसरे को पढ़ानी होगी क्लास, प्रधानाध्यापकों की बढ़ी जवाबदेही
0
November 25, 2026
बिहार | मिथिला हिन्दी न्यूज | रोहित कुमार सोनू
बिहार के सरकारी स्कूलों में अब बच्चों की पढ़ाई के साथ लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। शिक्षा विभाग ने विद्यालयों के संचालन को लेकर सख्त दिशा-निर्देश जारी किए हैं। नए आदेश के तहत स्कूल चलने के दौरान शिक्षकों को बैठक, प्रशिक्षण, वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग या कार्यशाला में शामिल होने के लिए नहीं बुलाया जाएगा। विभाग ने साफ कर दिया है कि शिक्षकों की पहली जिम्मेदारी बच्चों को पढ़ाना है और इसमें किसी तरह की बाधा नहीं आनी चाहिए।
अब अगर किसी विद्यालय में कोई शिक्षक अनुपस्थित रहता है तो उसकी वजह से बच्चों की कक्षा खाली नहीं रहेगी। संबंधित शिक्षक की जगह उसी दिन दूसरे शिक्षक को पढ़ाने की जिम्मेदारी सौंपनी होगी। यानी शिक्षक की छुट्टी हो या अनुपस्थिति, बच्चों का एक भी पीरियड बर्बाद नहीं होना चाहिए।
शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव सीके अनिल ने 23 नवंबर 2026 को सभी क्षेत्रीय शिक्षा उपनिदेशकों, जिला शिक्षा पदाधिकारियों और संबंधित अधिकारियों को इस संबंध में निर्देश जारी किए हैं। सीवान, गोपालगंज, जमुई, दरभंगा और पटना समेत विभिन्न जिलों के विद्यालयों के निरीक्षण के दौरान पढ़ाई में मिली कमियों के बाद विभाग ने यह सख्त कदम उठाया है।
आदेश के अनुसार विद्यालय निर्धारित समय पर खुलेंगे और प्रार्थना सभा के तुरंत बाद पहली घंटी बजते ही पढ़ाई शुरू करनी होगी। स्कूल की समय-सारणी के अनुसार सभी कक्षाएं नियमित रूप से संचालित होंगी। किसी भी परिस्थिति में कोई घंटी खाली नहीं जानी चाहिए। शिक्षक के अनुपस्थित रहने या किसी दूसरे काम में व्यस्त होने का असर बच्चों की पढ़ाई पर नहीं पड़ना चाहिए।
शिक्षा विभाग ने स्कूल संचालन के दौरान बैठक, प्रशिक्षण, वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग और कार्यशालाओं में शिक्षकों को बुलाने पर रोक लगाई है। अक्सर विभागीय कार्यक्रमों के कारण शिक्षक कक्षाओं से बाहर चले जाते थे, जिससे बच्चों की पढ़ाई प्रभावित होती थी। अब विभाग ने स्पष्ट कर दिया है कि शिक्षण अवधि का इस्तेमाल केवल शैक्षणिक गतिविधियों के लिए किया जाना चाहिए।
शिक्षकों की अनुपस्थिति की स्थिति में प्रधानाध्यापक को उसी दिन वैकल्पिक व्यवस्था करनी होगी। इसके लिए प्रत्येक विद्यालय में स्थानापन्न व्यवस्था रजिस्टर रखना अनिवार्य होगा। इसमें अनुपस्थित शिक्षक का नाम और उसकी जगह कक्षा संभालने वाले शिक्षक का पूरा विवरण दर्ज करना होगा। निरीक्षण के दौरान अधिकारी इस रजिस्टर की जांच कर सकेंगे।
नए आदेश के बाद प्रधानाध्यापकों की जवाबदेही भी बढ़ गई है। उन्हें विद्यालय खुलने से लेकर अंतिम घंटी तक शिक्षण व्यवस्था पर नजर रखनी होगी। कौन शिक्षक उपस्थित है, किसकी ड्यूटी किस कक्षा में है और अनुपस्थित शिक्षक की जगह कौन पढ़ा रहा है, इसकी पूरी जानकारी रखनी होगी।
दरअसल, विभिन्न जिलों के स्कूलों के निरीक्षण में सामने आया था कि कई जगह शिक्षण अवधि में शिक्षक बैठकों और प्रशिक्षण कार्यक्रमों में व्यस्त रहते हैं। वहीं, कुछ विद्यालयों में शिक्षक के अनुपस्थित रहने पर दूसरे शिक्षक को कक्षा की जिम्मेदारी नहीं दी जाती थी। इससे बच्चों के कई पीरियड बिना पढ़ाई के ही गुजर जाते थे।
शिक्षा विभाग के इस फैसले का मकसद सरकारी स्कूलों में पढ़ाई का स्तर सुधारना और बच्चों को पूरे निर्धारित समय तक नियमित शिक्षा उपलब्ध कराना है। अब देखना होगा कि इन निर्देशों का जमीनी स्तर पर कितना पालन होता है और सरकारी विद्यालयों की शैक्षणिक व्यवस्था में कितना बदलाव आता है।
मिथिला हिन्दी न्यूज | संपादक: रोहित कुमार सोनू
