👁️ अब तक पढ़ा गया:
बार
आनंद मोहन को सुप्रीम कोर्ट का बड़ा झटका! एक महीने में करना होगा सरेंडर, 2023 में मिली रिहाई रद्द
0
November 25, 2026
मिथिला हिन्दी न्यूज | रोहित कुमार सोनू
बिहार की राजनीति में बड़ी हलचल मचाने वाले फैसले में सुप्रीम कोर्ट ने पूर्व सांसद आनंद मोहन को बड़ा झटका दिया है। 1994 में गोपालगंज के तत्कालीन जिलाधिकारी और आईएएस अधिकारी जी. कृष्णैया की हत्या के मामले में आनंद मोहन की समयपूर्व रिहाई का रास्ता खोलने वाले बिहार सरकार के फैसले को सुप्रीम कोर्ट ने रद्द कर दिया है। अदालत ने आनंद मोहन को एक महीने के भीतर आत्मसमर्पण करने का आदेश दिया है।
यह मामला दिसंबर 1994 का है, जब गोपालगंज के तत्कालीन जिलाधिकारी जी. कृष्णैया की भीड़ ने पीट-पीटकर हत्या कर दी थी। इस मामले में आनंद मोहन को दोषी ठहराते हुए उम्रकैद की सजा सुनाई गई थी। हालांकि, बिहार सरकार की ओर से सजा में छूट दिए जाने के बाद 24 अप्रैल 2023 को वह जेल से रिहा हो गए थे। उस समय वह करीब 14 साल की सजा काट चुके थे।
सुप्रीम कोर्ट ने बिहार सरकार की ओर से अप्रैल 2023 में जेल नियमावली में किए गए बदलाव को असंवैधानिक करार दिया है। इस बदलाव के तहत ड्यूटी के दौरान सरकारी कर्मचारी की हत्या के दोषियों को भी समयपूर्व रिहाई का लाभ देने का रास्ता खोल दिया गया था। अदालत ने माना कि इस तरह का संशोधन कानून के अनुरूप नहीं था।
यह फैसला न्यायमूर्ति दीपांकर दत्ता और न्यायमूर्ति शील नागू की पीठ ने सुनाया। अदालत ने आईएएस अधिकारी जी. कृष्णैया की पत्नी उमा कृष्णैया की याचिका स्वीकार कर ली। उन्होंने आनंद मोहन की समयपूर्व रिहाई और बिहार सरकार की ओर से नियमों में किए गए बदलाव को चुनौती दी थी।
सुनवाई के दौरान अदालत ने कहा कि सजा में छूट देने की प्रक्रिया में पीड़ित परिवार को भी अपना पक्ष रखने का उचित अवसर मिलना चाहिए। हालांकि, पीड़ित की आपत्ति को सरकार के फैसले पर अंतिम रोक लगाने का अधिकार नहीं माना जा सकता।
सुप्रीम कोर्ट ने यह भी स्पष्ट किया कि बिहार सरकार कानून के दायरे में रहकर नए सिरे से सजा में छूट देने की प्रक्रिया शुरू कर सकती है। इसके लिए जी. कृष्णैया की पत्नी उमा कृष्णैया को सुनवाई का मौका देना अनिवार्य होगा।
अदालत के इस फैसले के बाद आनंद मोहन की मुश्किलें बढ़ गई हैं। अब उन्हें एक महीने के भीतर जेल प्रशासन के सामने आत्मसमर्पण करना होगा। करीब तीन दशक पुराने इस चर्चित हत्याकांड में सुप्रीम कोर्ट के फैसले ने एक बार फिर बिहार की राजनीति और प्रशासनिक हलकों में चर्चा तेज कर दी है।
मिथिला हिन्दी न्यूज | संपादक: रोहित कुमार सोनू
