25 साल पुरानी जमीन की दुश्मनी में किसान की हत्या! घर लौटते ही सीने में दाग दी गोली, गांव में मचा हड़कंप

मिथिला हिन्दी न्यूज | रोहित कुमार सोनू
बिहार के मधेपुरा जिले से दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। बिहारीगंज में गुरुवार की सुबह जमीन विवाद ने खूनी रूप ले लिया। 81 डिसमिल जमीन को लेकर करीब 25 वर्षों से चली आ रही पुरानी दुश्मनी में 50 वर्षीय किसान कृपाली मंडल की गोली मारकर हत्या कर दी गई। बदमाशों ने उनके सीने में गोली दाग दी। गंभीर हालत में परिजन उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद पूरे गांव में मातम और तनाव का माहौल है। घटना लक्ष्मीपुर लालचंद पंचायत के चांय टोला वार्ड संख्या-6 की है। मृतक की पहचान कृपाली मंडल के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, गांव के ही जगदेव मंडल और उनके बेटे प्रह्लाद मंडल के साथ कृपाली मंडल के परिवार का करीब 25 वर्षों से 81 डिसमिल जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। इस जमीन को लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले भी कई बार मारपीट हो चुकी थी। मृतक के छोटे भाई अशोक मंडल ने घटना की पूरी कहानी बताते हुए कहा कि गुरुवार सुबह वह अपने बेटे के साथ बोरिंग कराने चटनमा गांव गए थे। वहां से लौटने के दौरान रास्ते में गांव के ही प्रह्लाद मंडल ने उन पर गोली चला दी। हालांकि, गोली उन्हें नहीं लगी और वह किसी तरह अपनी जान बचाकर घर पहुंच गए। लेकिन घर पहुंचते ही उन्हें ऐसी खबर मिली जिसने पूरे परिवार को झकझोर कर रख दिया। उनके बड़े भाई कृपाली मंडल को गोली मार दी गई थी। सूचना मिलते ही अशोक घटनास्थल पर पहुंचे। उस समय उनके भाई खून से लथपथ घायल अवस्था में पड़े थे। वह उन्हें बाइक से मंजौरा पुलिस कैंप ले गए। इसके बाद बिहारीगंज प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने आरोप लगाया है कि करीब 25 वर्षों से चले आ रहे जमीन विवाद और पुरानी रंजिश के कारण कृपाली मंडल की हत्या की गई है। मृतक अपने पीछे दो बेटियां और तीन बेटे छोड़ गए हैं। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। वारदात की सूचना मिलते ही उदाकिशुनगंज के डीएसपी पवन कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण किया और परिजनों से पूछताछ कर पूरे मामले की जानकारी जुटाई। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। मिथिला हिन्दी न्यूज | संपादक: रोहित कुमार सोनू
👁️ अब तक पढ़ा गया: बार

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.