छठ पूजा में गांव गए परिवार, पीछे से चोरों ने मचाया तांडव! रिटायर्ड शिक्षक के घर से 70 लाख की चोरी, कारोबारी के 5 फ्लैटों के टूटे ताले

पटना: लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा के दौरान जहां लोग अपने परिवार के साथ गांव जाकर पर्व मनाते हैं, वहीं कुछ अपराधी उनकी गैरमौजूदगी का फायदा उठाकर बंद घरों को निशाना बना रहे हैं। राजधानी पटना के गर्दनीबाग इलाके में चोरी की दो बड़ी घटनाओं ने लोगों की नींद उड़ा दी है। चोरों ने एक रिटायर्ड शिक्षक के घर से करीब 70 लाख रुपये की संपत्ति चोरी कर ली, जबकि सामने स्थित एक कारोबारी के मकान के पांच फ्लैटों के ताले तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। घटना गर्दनीबाग थाना क्षेत्र के अलकापुरी की है। पहली घटना रोड नंबर-10, रिलायंस टावर स्ट्रीट निवासी रिटायर्ड शिक्षक जवाहर झा के मकान में हुई। छठ पूजा के अवसर पर जवाहर झा अपने परिवार के साथ गांव गए हुए थे। इसी दौरान चोरों ने बंद मकान को निशाना बनाया और घर में घुसकर कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया। 14 नवंबर को पड़ोसी ने फोन कर उन्हें घर में चोरी होने की सूचना दी। इसके बाद 15 नवंबर को उन्होंने पुलिस को मामले की जानकारी दी। घर लौटने पर परिवार के सदस्यों ने देखा कि घर का सारा सामान बिखरा पड़ा है और अलमारी सहित अन्य जगहों से कीमती सामान गायब हैं। जवाहर झा के मुताबिक, चोर करीब 500 ग्राम सोना, 2 किलो चांदी, डेढ़ लाख रुपये नकद और उनके बेटे-बेटी की विदेशी मुद्रा समेत कई कीमती सामान लेकर फरार हो गए। चोरी गई संपत्ति की कुल कीमत लगभग 70 लाख रुपये बताई जा रही है। इस घटना को अंजाम देने के बाद चोरों ने रिटायर्ड शिक्षक के घर के सामने स्थित कारोबारी अमित कुमार सिंह के दो मंजिला मकान को भी निशाना बनाया। इस मकान में कुल पांच फ्लैट हैं। चोरों ने सभी फ्लैटों के ताले तोड़कर अंदर रखे सामान को खंगाल डाला। इनमें चार फ्लैट किरायेदारों के बताए जा रहे हैं। फिलहाल कारोबारी के मकान से कितने की संपत्ति चोरी हुई है, इसका आकलन किया जा रहा है। रिटायर्ड शिक्षक जवाहर झा ने बताया कि उनके घर में लगे सीसीटीवी कैमरों में दो संदिग्ध चोरों की तस्वीरें कैद हुई हैं। इन फुटेज को पुलिस को सौंप दिया गया है। पुलिस संदिग्धों की पहचान करने में जुटी है। दोनों घटनाओं की सूचना मिलने के बाद गर्दनीबाग थाना पुलिस मौके पर पहुंची। मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल की टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। एक ही इलाके में दो मकानों को निशाना बनाकर हुई इस बड़ी चोरी से स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है। लोगों का कहना है कि छठ पूजा के दौरान बड़ी संख्या में परिवार घर बंद कर गांव चले जाते हैं। ऐसे में चोर बंद मकानों की रेकी कर वारदात को अंजाम देते हैं। स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से इलाके में रात्रि गश्ती बढ़ाने और संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखने की मांग की है। छठ जैसे पवित्र पर्व के दौरान जब घरों में खुशियां और आस्था का माहौल होता है, उस समय लोगों की मेहनत की कमाई पर इस तरह हाथ साफ होना सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है। फिलहाल पुलिस दोनों मामलों की जांच कर रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी का प्रयास जारी है। मिथिला हिन्दी न्यूज | रोहित कुमार सोनू
👁️ अब तक पढ़ा गया: बार

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.