रोहतास: बिहार के रोहतास जिले से एक ऐसी दर्दनाक खबर सामने आई है, जिसने हर किसी को झकझोर कर रख दिया है। जिस परिवार ने कुछ महीने पहले सड़क हादसे में अपने एक बेटे को खोया था, उसी परिवार के दूसरे बेटे की भी सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। दो बेटों को खोने के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।
घटना शिवसागर थाना क्षेत्र की है, जहां रविवार देर शाम शिवसागर ओवरब्रिज के पास एक भीषण सड़क हादसे में 27 वर्षीय राहुल कुमार की जान चली गई। बताया जा रहा है कि राहुल अपनी बाइक से जा रहे थे, तभी एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि राहुल ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
मृतक राहुल कुमार शिवसागर थाना क्षेत्र के मोर गांव निवासी शिवनाथ यादव के पुत्र थे। इस हादसे की सबसे दर्दनाक बात यह है कि कुछ महीने पहले ही राहुल के बड़े भाई राजू यादव की भी सड़क दुर्घटना में मौत हो गई थी।
बड़े भाई की मौत के बाद परिवार की जिम्मेदारियां राहुल के कंधों पर आ गई थीं। सामाजिक सहमति से उन्होंने अपने बड़े भाई की विधवा पत्नी से शादी कर ली थी, ताकि परिवार बिखरने से बच सके और घर की जिम्मेदारियां संभाली जा सकें। राहुल ही अब परिवार का मुख्य सहारा बने हुए थे।
लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था। जिस राहुल ने बड़े भाई के जाने के बाद परिवार को संभालने की जिम्मेदारी उठाई थी, वही अब हमेशा के लिए इस दुनिया से विदा हो गए। एक ही परिवार के दो जवान बेटों की सड़क हादसों में मौत ने पूरे गांव को गहरे सदमे में डाल दिया है।
राहुल की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। मां-बाप और परिवार के अन्य सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई है।
घटना की सूचना मिलने पर शिवसागर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
थानाध्यक्ष रितेश कुमार ने बताया कि अज्ञात वाहन की चपेट में आने से युवक की मौत हुई है। पुलिस मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई कर रही है।
मिथिला हिन्दी न्यूज | रोहित कुमार सोनू
👁️ अब तक पढ़ा गया:
बार