बिहार के मधुबनी जिले के बलिराजगढ़ में पुलिस के एक एएसआई की गोलीबारी से इलाके में भारी आक्रोश फैल गया है। एएसआई चंद्रमोहन सिंह पर अशोक यादव नामक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या करने का आरोप है। इस गोलीकांड में एक महिला समेत तीन अन्य लोग भी घायल हुए हैं। घटना के बाद स्थानीय लोगों में पुलिस प्रशासन के खिलाफ जबरदस्त नाराजगी देखने को मिल रही है। हालात का जायजा लेने पहुंचे मधुबनी के जिलाधिकारी आनंद शर्मा को भी आक्रोशित परिजनों के गुस्से का सामना करना पड़ा। मृतक के परिवार की एक महिला ने डीएम का कॉलर पकड़ लिया और चप्पल उतारकर उन्हें मारने की कोशिश की।
जानकारी के अनुसार, हत्याकांड के बाद बलिराजगढ़ में तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई। सोमवार को आक्रोशित लोगों ने खोजपुर चौराहे पर शव रखकर सड़क जाम कर दिया और पुलिस प्रशासन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए मधुबनी के डीएम आनंद शर्मा और एसपी योगेंद्र कुमार स्वयं घटनास्थल पर पहुंचे।
इस दौरान जिलाधिकारी आनंद शर्मा ने प्रदर्शन कर रहे लोगों और मृतक के परिजनों को समझाने का प्रयास किया। वह मृतक के परिवार की महिलाओं के पास पहुंचे और हाथ जोड़कर शांति बनाए रखने की अपील करने लगे। लेकिन अपने परिजन की हत्या से गुस्साई महिलाओं का आक्रोश शांत नहीं हुआ। इसी दौरान एक महिला ने अचानक डीएम का कॉलर पकड़ लिया और चप्पल निकालकर उन्हें मारने के लिए आगे बढ़ गई। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने तुरंत हस्तक्षेप किया और डीएम को सुरक्षित भीड़ से बाहर निकाला। घटना के बाद कुछ देर तक मौके पर अफरातफरी का माहौल बना रहा।
इधर, गोलीकांड का आरोपी एएसआई चंद्रमोहन सिंह घटना के बाद से फरार बताया जा रहा है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं। एसपी योगेंद्र कुमार ने मंगलवार को आरोपी एएसआई को निलंबित कर दिया है। साथ ही उसे सेवा से बर्खास्त करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है।
एसपी ने कहा है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। उन्होंने मामले में स्पीडी ट्रायल चलाने और दोषी को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने की बात कही है। हालांकि, फांसी की सजा का फैसला न्यायालय ही करेगा।
फिलहाल इस घटना ने मधुबनी जिले में पुलिस की कार्यशैली और कानून-व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोग आरोपी एएसआई की जल्द गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग कर रहे हैं।
मिथिला हिन्दी न्यूज | रोहित कुमार सोनू
संपादक: रोहित कुमार सोनू
👁️ अब तक पढ़ा गया:
बार