भगवान श्रीकृष्ण पर बयान देकर घिरे धीरेंद्र शास्त्री, देशभर में विरोध; यादव महासभा ने फूंका पुतला, दोबारा मांगी माफी


भगवान श्रीकृष्ण को लेकर दिए गए बयान के बाद बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री विवादों में घिर गए हैं। उनके बयान को लेकर देश के कई हिस्सों में विरोध प्रदर्शन शुरू हो गया है। मध्य प्रदेश के छतरपुर स्थित उनके गृह जिले में भी लोगों का गुस्सा देखने को मिल रहा है। यादव महासभा के सदस्यों ने विरोध प्रदर्शन करते हुए उनका पुतला दहन किया और जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने 'पाखंड की दुकान बंद करो' के नारे लगाते हुए उनके बयान पर नाराजगी जताई।

दरअसल, भगवान श्रीकृष्ण को लेकर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री का एक बयान सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद विवाद खड़ा हो गया। इस बयान से नाराज लोगों और विभिन्न संगठनों ने इसे धार्मिक भावनाओं से जोड़ते हुए विरोध शुरू कर दिया। देखते ही देखते मामला तूल पकड़ने लगा और उनके खिलाफ देशभर में आवाज उठने लगी।

विवाद बढ़ता देख धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री बैकफुट पर आ गए हैं। उन्होंने वीडियो जारी कर एक बार फिर अपने बयान को लेकर माफी मांगी है। उन्होंने सफाई देते हुए कहा कि उनके कहने का भाव वैसा नहीं था, जैसा समझा जा रहा है। उनसे गलती हो गई है। यदि उनके बयान से किसी को ठेस पहुंची है तो वह इसके लिए क्षमा मांगते हैं।

धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने अपने वीडियो संदेश में लोगों से उनके भाव को समझने की अपील भी की। हालांकि, उनकी माफी के बावजूद विरोध का सिलसिला जारी है। अब देखना होगा कि उनके इस स्पष्टीकरण के बाद विवाद शांत होता है या आने वाले दिनों में मामला और तूल पकड़ता है।

मिथिला हिन्दी न्यूज | रोहित कुमार सोनू
संपादक: रोहित कुमार सोनू

👁️ अब तक पढ़ा गया: बार

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.