छठ महापर्व का आज नहाय-खाय से शुभारंभ, कद्दू-भात से शुरू होगा चार दिवसीय कठिन व्रत


मिथिला और बिहार समेत पूरे देश में लोक आस्था के महापर्व छठ की शुरुआत नहाय-खाय के साथ होती है। चार दिनों तक चलने वाले इस पावन पर्व का पहला दिन शुद्धता, पवित्रता और सात्विकता का प्रतीक माना जाता है। इस दिन छठ व्रती विशेष नियमों का पालन करते हुए पूजा की तैयारियां शुरू करते हैं।

नहाय-खाय के दिन सुबह व्रती पवित्र नदी, तालाब या घर में गंगाजल मिलाकर स्नान करते हैं। इसके बाद घर और रसोई की विशेष साफ-सफाई की जाती है। छठ पर्व में स्वच्छता और पवित्रता का विशेष महत्व होता है।

इस दिन दोपहर में व्रती पारंपरिक सात्विक भोजन ग्रहण करते हैं, जिसे कद्दू-भात या लौकी-भात कहा जाता है। इस विशेष प्रसाद में अरवा चावल, चने की दाल और कद्दू या लौकी की सब्जी बनाई जाती है। भोजन शुद्ध घी और सेंधा नमक से तैयार किया जाता है। इसमें लहसुन, प्याज और साधारण नमक का इस्तेमाल नहीं किया जाता है।

नहाय-खाय के साथ ही छठ महापर्व का आध्यात्मिक माहौल बनने लगता है। इसके बाद खरना, संध्या अर्घ्य और उषा अर्घ्य के साथ यह महापर्व संपन्न होता है।

मिथिला हिन्दी न्यूज | रोहित कुमार सोनू, संपादक



👁️ अब तक पढ़ा गया: बार

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.