IGI एयरपोर्ट पर बड़ा खुलासा: लैंडिंग गियर में छिपकर काबुल से दिल्ली पहुँचा 13 साल का बच्चा

संवाद 

दिल्ली: इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे (IGI) पर शनिवार सुबह एक चौंकाने वाली घटना सामने आई। काबुल से दिल्ली आई KAM एयरलाइंस की फ्लाइट (RQ-4401) के लैंडिंग गियर में छिपकर एक 13 वर्षीय बच्चा भारत पहुंच गया।

यह मामला 21 सितंबर सुबह 11:10 बजे सामने आया, जब फ्लाइट IGI एयरपोर्ट पर लैंड हुई। एयरलाइन के सुरक्षा कर्मचारियों ने विमान के पास एक नाबालिग बच्चे को घूमते हुए देखा। पूछताछ में उसने बताया कि वह अफगानिस्तान के कुंदुज शहर का रहने वाला है और बिना टिकट फ्लाइट के लैंडिंग गियर वाले हिस्से में छिपकर भारत आया।

जांच के दौरान एयरलाइन की सुरक्षा और इंजीनियरिंग टीम को लैंडिंग गियर के पास एक छोटा लाल रंग का स्पीकर भी मिला। इससे सुरक्षा एजेंसियों ने घटना को गंभीरता से लिया और तुरंत पूछताछ शुरू की।

एयरपोर्ट अधिकारियों ने बताया कि बच्चे को तुरंत संबंधित एजेंसियों के हवाले कर दिया गया। सभी औपचारिकताओं और जांच के बाद, उसी दिन दोपहर को KAM एयरलाइंस की वापसी फ्लाइट (RQ-4402) से उसे काबुल भेज दिया गया।

✈️ यह घटना एयरपोर्ट की सुरक्षा व्यवस्था और एयरलाइन सुरक्षा प्रोटोकॉल पर कई गंभीर सवाल खड़े करती है, क्योंकि इतनी कड़ी निगरानी के बावजूद एक बच्चा लैंडिंग गियर में छिपकर हजारों फीट की ऊँचाई तक पहुँच गया।

एविएशन विशेषज्ञों का कहना है कि लैंडिंग गियर में छिपकर सफर करना जानलेवा होता है, क्योंकि वहां ऑक्सीजन की कमी और बेहद कम तापमान होता है। इस बार बच्चा किस्मत से बच गया, लेकिन यह मामला अंतर्राष्ट्रीय एविएशन सुरक्षा पर बड़ा सबक है।

एयरपोर्ट और सुरक्षा से जुड़ी हर बड़ी खबर के लिए पढ़ते रहिए मिथिला हिन्दी न्यूज.

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.