बिहार के सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की रिक्त पदों पर बहाली एक बार फिर अटकती हुई दिख रही है। शिक्षा विभाग को अब तक राज्य के 38 में से केवल 15 जिलों से ही कक्षा 1 से 12 तक के शिक्षकों की रिक्तियों का विवरण प्राप्त हुआ है। ऐसे में रिक्तियों की अंतिम संख्या तय न होने के कारण टीआरई 4 (विद्यालय अध्यापक नियुक्ति परीक्षा) की तिथि घोषित नहीं की जा पा रही है।
अब भी 23 जिलों ने शिक्षकों के खाली पड़े पदों की जानकारी विभाग को नहीं भेजी है। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि जब तक सभी जिलों से आंकड़े नहीं आते, तब तक परीक्षा की रूपरेखा और सीट मैट्रिक्स तैयार करना संभव नहीं है।
सरकार ने पहले ही दिसंबर महीने में BPSC TRE 4 परीक्षा आयोजित करने का आश्वासन दिया था, लेकिन साल खत्म होने को है और अभी तक कुल रिक्त पदों की गणना तक पूरी नहीं हो पाई है। इससे लाखों अभ्यर्थियों की उम्मीदों पर अनिश्चितता छा गई है।
शिक्षा विशेषज्ञों का कहना है कि पदों की धीमी रिपोर्टिंग से प्रक्रिया और ज्यादा लंबी खिंच सकती है, जिसके कारण चयन और नियुक्ति अगले साल तक टलने की आशंका भी बढ़ रही है।
शिक्षा, रोजगार और बिहार की हर ताज़ा अपडेट के लिए पढ़ते रहें — मिथिला हिन्दी न्यूज।