बिहार में ठंड और घने कोहरे ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। राज्य के अधिकतर जिलों में शीतलहर जैसे हालात बने हुए हैं। सर्द पछुआ हवाओं और लगातार छाए घने कोहरे के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार फिलहाल बिहार को सर्दी के इस सितम से राहत मिलने के आसार कम नजर आ रहे हैं।
मौसम विभाग ने शुक्रवार को राज्य के 26 जिलों में कोल्ड डे को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। विभाग ने चेतावनी दी है कि पूरे राज्य में घना कोहरा छाया रहेगा, जिससे दृश्यता कम हो सकती है और सड़क, रेल व हवाई यातायात पर असर पड़ सकता है। सुबह और रात के समय ठंड का प्रकोप अधिक रहेगा।
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, दक्षिण बिहार की तुलना में उत्तर बिहार में ठंड अधिक पड़ने का अनुमान है। उत्तर बिहार के जिलों में सर्द पछुआ हवाओं का असर ज्यादा रहने से न्यूनतम तापमान में और गिरावट हो सकती है। ऐसे में लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।
ठंड और कोहरे के कारण आम जनजीवन प्रभावित है। लोग सुबह और देर शाम घरों से निकलने में परहेज कर रहे हैं। मौसम विभाग ने बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।
👉 मौसम और बिहार से जुड़ी हर ताज़ा खबर के लिए पढ़ते रहें – मिथिला हिन्दी न्यूज