हिजाब विवाद पर हरि भूषण ठाकुर बचौल का नीतीश कुमार को समर्थन, बोले—सार्वजनिक स्थानों पर पहचान छिपाने के खिलाफ बने कानून


संवाद 

पटना। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से जुड़े हिजाब विवाद पर भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता हरि भूषण ठाकुर बचौल ने खुलकर समर्थन किया है। उन्होंने कहा कि इस मामले में “नीतीश जी ने सही काम किया है।” बचौल ने आगे कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर किसी भी तरह से पहचान छिपाए जाने के खिलाफ कानून बनाया जाना चाहिए, ताकि सुरक्षा और पारदर्शिता बनी रहे।

दरअसल, सोमवार को आयुष डॉक्टरों को नियुक्ति पत्र बांटने के दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था। इस वीडियो में सीएम एक महिला का हिजाब हटाते हुए नजर आए, जिसके बाद सियासी और सामाजिक हलकों में तीखी बहस छिड़ गई। विपक्षी दलों और कुछ संगठनों ने इसे लेकर कड़ी आपत्ति जताई, वहीं सत्तापक्ष के नेताओं ने मुख्यमंत्री के कदम को सही ठहराया।

हरि भूषण ठाकुर बचौल ने कहा कि किसी भी सार्वजनिक कार्यक्रम में सुरक्षा और पहचान स्पष्ट होना जरूरी है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि इस तरह के मामलों को लेकर भावनात्मक राजनीति करने के बजाय नियम और कानून के दायरे में बात होनी चाहिए।

हिजाब विवाद को लेकर बिहार की राजनीति लगातार गरमाती जा रही है और आने वाले दिनों में इस मुद्दे पर बयानबाजी और तेज होने की संभावना है।

बिहार की राजनीति और ताजा खबरों के लिए पढ़ते रहें मिथिला हिन्दी न्यूज।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.