बिहारभूमि पोर्टल का सर्वर मेंटेनेंस सफल, 10.81 लाख जमाबंदी रिकॉर्ड अपडेट


पटना। डिजिटल भूमि सेवाओं को और अधिक तेज, सुरक्षित एवं पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से 15 फरवरी (रविवार) को बिहारभूमि पोर्टल पर निर्धारित सर्वर मेंटेनेंस सफलतापूर्वक पूरा किया गया। सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक चले तकनीकी उन्नयन के दौरान पोर्टल की सभी ऑनलाइन सेवाएं अस्थायी रूप से बाधित रहीं, जिन्हें बाद में सामान्य रूप से बहाल कर दिया गया।

विभागीय अधिकारियों के अनुसार, इस मेंटेनेंस के तहत सर्वर अपग्रेडेशन, सुरक्षा प्रोटोकॉल को मजबूत करने, सिस्टम ऑप्टिमाइजेशन और बैकएंड सुधार जैसे महत्वपूर्ण कार्य किए गए। इस प्रक्रिया में 43,430 जमाबंदी अभिलेखों में दर्ज क्षेत्रफल को हेक्टेयर से एकड़ और डिसमिल में परिवर्तित किया गया, ताकि आम नागरिकों को जमीन की जानकारी समझने में आसानी हो।

समीक्षा के दौरान 10,81,815 ऐसे जमाबंदी अभिलेख चिन्हित किए गए, जिनमें कुल रकबा दर्ज नहीं था। तकनीकी सत्यापन के बाद संबंधित प्लॉटों का योग कर कुल रकबा अपडेट किया गया है। इससे भविष्य में भूमि से जुड़े विवादों में कमी आने और रिकॉर्ड की सटीकता बढ़ने की उम्मीद जताई जा रही है।

इस संबंध में उपमुख्यमंत्री सह राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि यह पहल डिजिटल अवसंरचना को मजबूत कर राजस्व प्रशासन को अधिक जवाबदेह और जनोन्मुखी बनाने की दिशा में एक अहम कदम है। उन्होंने सर्वर मेंटेनेंस के दौरान हुई अस्थायी असुविधा के लिए नागरिकों से खेद प्रकट किया और सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।

राज्य, प्रशासन और डिजिटल सेवाओं से जुड़ी हर बड़ी अपडेट के लिए पढ़ते रहिए मिथिला हिन्दी न्यूज
मिथिला हिन्दी न्यूज | संपादक: रोहित कुमार सोनू

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.