मोबाइल के विवाद में भाई बना कातिल: मुजफ्फरपुर में 14 वर्षीय मनीष मंडल की गला दबाकर हत्या


मुजफ्फरपुर।
मुजफ्फरपुर जिले के सिकंदरपुर थाना क्षेत्र स्थित आंबेडकर नगर में सोमवार को रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई। मोबाइल फोन नहीं देने के मामूली विवाद में एक युवक ने अपने ही छोटे भाई की बेरहमी से हत्या कर दी। मृतक की पहचान 14 वर्षीय मनीष मंडल के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार, मोबाइल के इस्तेमाल को लेकर दोनों भाइयों के बीच कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई। आरोप है कि बड़े भाई शंकर मंडल ने पहले मनीष के साथ मारपीट की और फिर गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।

सूचना मिलने पर नगर एएसपी वन सुरेश कुमार, सिकंदरपुर थाने की पुलिस और एफएसएल की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। छानबीन के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित बड़े भाई शंकर मंडल को गिरफ्तार कर लिया है।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हत्या का कारण मोबाइल को लेकर हुआ मामूली विवाद था। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है।

बताया गया कि मनीष मंडल बैंक रोड स्थित एक चप्पल की दुकान में काम करता था। करीब दो वर्ष पहले उसके पिता का निधन हो गया था, जिसके बाद कम उम्र में ही मनीष पर पूरे परिवार की जिम्मेदारी आ गई थी। वहीं, बड़ा भाई शंकर मंडल कोई काम नहीं करता था और नशे का आदी बताया जा रहा है।

घटना के बाद पीड़ित परिवार में कोहराम मच गया है। मोहल्ले में मातम पसरा हुआ है और लोग इस दर्दनाक घटना से स्तब्ध हैं।

जिला, अपराध और समाज से जुड़ी हर बड़ी खबर के लिए पढ़ते रहिए मिथिला हिन्दी न्यूज

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.