बिहार एसटीएफ ने राजधानी पटना में बड़ी कार्रवाई करते हुए मोतिहारी के कुख्यात अपराधी देवा गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी पटना के राधिका अपार्टमेंट के फ्लैट संख्या 303 से की गई। इस कार्रवाई के बाद बिहार पुलिस को बड़ी सफलता मिली है।
देवा गुप्ता मोतिहारी की मेयर प्रीति कुमारी के पति और राजद के पूर्व विधानसभा प्रत्याशी रह चुके हैं। पुलिस के अनुसार, देवा गुप्ता पर हत्या, रंगदारी, जमीन कब्जा समेत कुल 28 आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें से दो मामलों में वह फरार चल रहे थे।
एक लाख का इनामी, हिट लिस्ट में टॉप पर
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक देवा गुप्ता पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित था। वह बिहार पुलिस की 100 कुख्यात अपराधियों की ‘हिट लिस्ट’ में सबसे ऊपर शामिल था। लंबे समय से उसकी तलाश की जा रही थी, लेकिन वह बार-बार ठिकाने बदलकर पुलिस को चकमा दे रहा था।
राजनीतिक पृष्ठभूमि के बावजूद कार्रवाई
एसटीएफ अधिकारियों ने साफ कहा कि आरोपी की राजनीतिक पृष्ठभूमि होने के बावजूद कानून सभी के लिए समान है। अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। देवा गुप्ता से पूछताछ जारी है और उसके नेटवर्क की भी जांच की जा रही है।
अपार्टमेंट से हुई गिरफ्तारी
गुप्त सूचना के आधार पर एसटीएफ ने पटना के राधिका अपार्टमेंट, फ्लैट 303 में छापेमारी की और देवा गुप्ता को धर दबोचा। गिरफ्तारी के बाद उसे कड़ी सुरक्षा में थाने ले जाया गया।
देश, बिहार और क्राइम की हर बड़ी खबर के लिए पढ़ते रहिए – मिथिला हिन्दी न्यूज
✍️ रिपोर्ट: रोहित कुमार सोनू
l