उत्तर भारत में मौसम का कहर, यूपी में 100 किमी/घंटा की रफ्तार से तूफान का अलर्ट, बिहार में भी भारी बारिश की चेतावनी



नई दिल्ली: दक्षिण-पश्चिम मॉनसून अभी पूरे देश में नहीं पहुंचा है, लेकिन मौसम का मिजाज तेजी से बदलने लगा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने अगले 24 से 48 घंटों को बेहद संवेदनशील बताते हुए कई राज्यों के लिए रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार, मॉनसून की उत्तरी सीमा तेजी से आगे बढ़ रही है और अगले दो से तीन दिनों में अरब सागर, लक्षद्वीप तथा बंगाल की खाड़ी के मध्य एवं उत्तर-पूर्वी क्षेत्रों में इसके और आगे बढ़ने के लिए अनुकूल परिस्थितियां बनी हुई हैं।

मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि उत्तर-पश्चिम भारत के कई राज्यों में भयंकर चक्रवाती आंधी, ओलावृष्टि और भारी बारिश देखने को मिल सकती है। इससे लोगों को भीषण गर्मी और उमस से राहत मिलेगी। विशेषज्ञों के अनुसार अधिकतम तापमान में 6 से 8 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है।

उत्तर प्रदेश में सबसे ज्यादा खतरा

आईएमडी ने उत्तर प्रदेश के लिए विशेष चेतावनी जारी की है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 80 से 100 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से विनाशकारी तूफान आने की संभावना जताई गई है। इसके साथ ही कई स्थानों पर ओलावृष्टि और भारी बारिश भी हो सकती है।

वहीं पूर्वी उत्तर प्रदेश में 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और ओले गिरने की आशंका है। 30 मई को पूरे राज्य में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है, जबकि 31 मई को पूर्वी यूपी में भारी बारिश की संभावना व्यक्त की गई है।

दिल्ली, हरियाणा और चंडीगढ़ में भी अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली, हरियाणा और चंडीगढ़ में भी आज 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज तूफान आ सकता है। कई क्षेत्रों में ओलावृष्टि और भारी बारिश होने की संभावना है। 30 मई को भी इन राज्यों में तेज हवाओं के साथ बारिश का सिलसिला जारी रहने का अनुमान है।

बिहार में भारी बारिश और तेज आंधी की चेतावनी

बिहार के कई जिलों में आज भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है। इसके साथ ही 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज आंधी चलने की गंभीर चेतावनी जारी की गई है। 30 मई को भी 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से अंधड़ चल सकता है। वहीं 31 मई और 1 जून को राज्य के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है।

झारखंड में भी बदलेगा मौसम

झारखंड में आज से 31 मई तक 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार 1 से 3 जून के बीच भी राज्य के विभिन्न इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश होती रहेगी।

लोगों के लिए सलाह

मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान घरों में रहने, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने तथा अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है। किसानों को भी फसलों और पशुओं की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने की सलाह दी गई है।

मौसम खबर के लिए पढ़ते रहिए मिथिला हिन्दी न्यूज

👁️ अब तक पढ़ा गया: बार

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.