संजय मयूख को लेकर भाजपा में मंथन तेज, तीसरी बार MLC या बांकीपुर से चुनाव?


भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता संजय मयूख को लेकर बिहार की राजनीति में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। सवाल उठ रहा है कि क्या भाजपा उन्हें तीसरी बार विधान परिषद भेजेगी या फिर बांकीपुर विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव में उम्मीदवार बनाएगी।

भाजपा में परंपरागत रूप से किसी नेता को दो बार ही विधान परिषद भेजने की नीति मानी जाती रही है। हालांकि पार्टी ने समय-समय पर कुछ वरिष्ठ और प्रभावशाली नेताओं के लिए इस नियम में अपवाद भी बनाया है। पूर्व उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी, गंगा प्रसाद और मंगल पांडेय को भाजपा तीन बार विधान परिषद भेज चुकी है।

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि संजय मयूख का संगठन में मजबूत कद और केंद्रीय नेतृत्व से करीबी संबंध उन्हें इस सूची में शामिल कर सकता है। उन्हें केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और वरिष्ठ भाजपा नेता राजनाथ सिंह का करीबी माना जाता है। ऐसे में अगर भाजपा उन्हें तीसरी बार विधान पार्षद बनाती है तो इसे चौंकाने वाला फैसला नहीं माना जाएगा।

वहीं पार्टी के सामने दूसरा विकल्प बांकीपुर विधानसभा सीट का भी है। भाजपा नेता नितिन नवीन के इस्तीफे के बाद यह सीट खाली हो गई है। संभावना जताई जा रही है कि जुलाई या अगस्त 2026 में यहां उपचुनाव कराया जा सकता है।

गौरतलब है कि नितिन नवीन लगातार चार बार बांकीपुर से विधायक रहे हैं और वे कायस्थ समाज से आते हैं। राजनीतिक समीकरणों को देखते हुए भाजपा इस सीट पर फिर किसी कायस्थ उम्मीदवार को मैदान में उतार सकती है। संजय मयूख भी कायस्थ समुदाय से आते हैं, इसलिए उनका नाम इस सीट के लिए मजबूत दावेदारों में माना जा रहा है।

अब देखना दिलचस्प होगा कि भाजपा नेतृत्व संजय मयूख को संगठन और विधानसभा राजनीति में किस भूमिका में आगे बढ़ाता है।

बिहार की राजनीति की हर बड़ी खबर के लिए पढ़ते रहिए मिथिला हिन्दी न्यूज

👁️ अब तक पढ़ा गया: बार

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.