सीतामढ़ी जिले के पुपरी में शुक्रवार को निगरानी विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नगर परिषद जनकपुर रोड कार्यालय के कनीय अभियंता विजय कुमार शर्मा को 1 लाख 45 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के बाद नगर परिषद कार्यालय परिसर में हड़कंप मच गया और पूरे इलाके में घटना चर्चा का विषय बनी हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार पुपरी निवासी ठेकेदार राजभूषण प्रसाद ने निगरानी विभाग से शिकायत की थी कि विभागीय भुगतान हो चुके कार्य के एवज में पारितोषिक के रूप में रिश्वत की मांग की जा रही है। शिकायत की पुष्टि होने के बाद निगरानी विभाग पटना की टीम ने योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाकर कार्रवाई की।
छापेमारी का नेतृत्व कर रहे डीएसपी पवन कुमार ने बताया कि टीम ने अभियंता विजय कुमार शर्मा को उनकी कार में रिश्वत की राशि लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया। मौके से 1 लाख 45 हजार रुपये नकद भी बरामद किए गए हैं।
कार्रवाई के दौरान अभियंता के साथ मौजूद ऋषि नामक युवक को भी टीम अपने साथ लेकर गई है। हालांकि उसकी गिरफ्तारी की आधिकारिक पुष्टि अब तक नहीं की गई है। निगरानी विभाग पूरे मामले की गहन जांच में जुटा हुआ है।
सूत्रों के अनुसार गिरफ्तार विजय कुमार शर्मा संविदा पर कार्यरत थे। वहीं, ऋषि नामक युवक को नगर परिषद सभापति के साथ भी देखा जाता रहा है, जिसको लेकर स्थानीय स्तर पर कई तरह की चर्चाएं हो रही हैं।
डीएसपी ने बताया कि गिरफ्तार अभियंता को आगे की कानूनी प्रक्रिया के तहत मुजफ्फरपुर न्यायालय में पेश किया जाएगा। मामले में आगे और भी खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।
पुपरी और आसपास के क्षेत्रों में इस कार्रवाई को लेकर लोगों के बीच काफी चर्चा है। स्थानीय लोग इसे भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई मान रहे हैं।