दरभंगा जिले के रैयाम थाना क्षेत्र स्थित फुलकाही चौक के पास देर शाम अपराधियों ने एक महिला से 70 हजार रुपये की छिनतई कर सनसनी फैला दी। घटना के दौरान बदमाशों ने हैवानियत की सारी हदें पार करते हुए महिला को चलती टैम्पो से नीचे धक्का दे दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं।
घायल महिला की पहचान केवटी थाना क्षेत्र निवासी मुक्ता देवी के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, वह अपने मायके कर्ज के पैसे लौटाने जा रही थीं। इसी दौरान जिस टैम्पो में वह सफर कर रही थीं, उसमें पहले से सवार तीन अज्ञात अपराधियों ने उन्हें निशाना बनाया।
बताया जा रहा है कि बदमाशों ने रास्ते में महिला से रुपये छीनने की कोशिश शुरू कर दी। जब मुक्ता देवी ने इसका विरोध किया, तो अपराधियों ने जबरन उनसे 70 हजार रुपये छीन लिए। इसके बाद पकड़े जाने के डर से उन्होंने महिला को चलती टैम्पो से नीचे धक्का देकर फरार हो गए।
घटना के बाद आसपास मौजूद स्थानीय लोगों ने तुरंत मानवता दिखाते हुए घायल महिला को इलाज के लिए सीएचसी केवटी रनवे में भर्ती कराया। महिला की हालत को देखते हुए डॉक्टरों की निगरानी में उनका उपचार जारी है।
वहीं, इस मामले को लेकर रैयाम थाना पुलिस का कहना है कि अब तक लिखित आवेदन नहीं मिला है। आवेदन मिलने के बाद मामले की जांच शुरू कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और लोग अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।
अपराध और बिहार की हर बड़ी खबर के लिए पढ़ते रहिए मिथिला हिन्दी न्यूज।