सीतामढ़ी में निगरानी विभाग की बड़ी कार्रवाई, पुपरी पुलिस अंचल के रीडर गिरफ्तार


सीतामढ़ी। जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पुपरी पुलिस निरीक्षक कार्यालय में तैनात रीडर पीटीसी गोविंद कुमार चौधरी को गिरफ्तार कर लिया। सोमवार सुबह हुई इस कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।

जानकारी के अनुसार, बोखड़ा थाना कांड संख्या 107/26 तथा उसके काउंटर केस 109/26 में नाम हटाने और मामले को सही करार देने के एवज में आरोपित रीडर ने 35 हजार रुपये रिश्वत की मांग की थी। बाद में सौदा 20 हजार रुपये में तय हुआ था।

यह कार्रवाई बोखड़ा थाना क्षेत्र के पतनुका गांव निवासी अशर्फी ठाकुर की शिकायत पर की गई। शिकायतकर्ता ने निगरानी विभाग को बताया था कि गांव के ही दरबारी ठाकुर समेत अन्य लोगों के खिलाफ दर्ज मामले में मदद करने के लिए रिश्वत मांगी जा रही है।

शिकायत मिलने के बाद निगरानी विभाग ने मामले का सत्यापन किया और सात मई को प्राथमिकी दर्ज की गई। शनिवार को टीम कार्रवाई के लिए पहुंची थी, लेकिन आरोपित किसी अन्य कार्य से बाहर गया हुआ था। इसके बाद सोमवार सुबह कार्रवाई का समय तय किया गया और टीम ने पुपरी पहुंचकर जाल बिछाया।

इस कार्रवाई में डीएसपी कृपाल चंद्र जायसवाल, डीएसपी श्याम प्रसाद, अवर निरीक्षक गणेश कुमार, सत्यापनकर्ता सिपाही मोहन कुमार पांडेय समेत निगरानी अन्वेषण ब्यूरो के कई जवान शामिल थे।

बताया गया कि जैसे ही रीडर रुपये लेने के लिए हाथ बढ़ा रहा था, उसी समय निगरानी टीम मौके पर पहुंच गई। टीम को देखते ही उसने हाथ पीछे खींच लिया, लेकिन निगरानी थाना कांड संख्या 54/26 के तहत उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

डीएसपी कृपाल चंद्र जायसवाल ने बताया कि रिश्वत मांगने और लेन-देन से जुड़ी बातचीत की रिकॉर्डिंग समेत अन्य साक्ष्य निगरानी विभाग के पास मौजूद हैं। उन्होंने कहा कि मामला 20 हजार रुपये की रिश्वत से जुड़ा है। हालांकि, आरोपित को रंगे हाथों रुपये लेते हुए पकड़ना संभव नहीं हो सका, लेकिन उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर गिरफ्तारी की गई है।

इस कार्रवाई के बाद जिले के पुलिस महकमे में चर्चा तेज हो गई है। आम लोगों ने निगरानी विभाग की कार्रवाई का स्वागत करते हुए इसे भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी पहल बताया है।

सीतामढ़ी और बिहार की हर बड़ी खबर के लिए पढ़ते रहिए मिथिला हिन्दी न्यूज

👁️ अब तक पढ़ा गया: बार

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.