प्रदेश सरकार ने बिजली उपभोक्ताओं के लिए सब्सिडी नियमों में बड़ा बदलाव किया है। अब एक राशन कार्ड पर केवल दो बिजली मीटरों पर ही सब्सिडी का लाभ दिया जाएगा। यदि किसी उपभोक्ता के नाम पर दो से अधिक बिजली मीटर दर्ज हैं, तो उन्हें अपनी पसंद के किसी भी दो मीटरों का चयन करना अनिवार्य होगा।
यह जानकारी विद्युत मंडल रामपुर बुशहर के कनिष्ठ अभियंता मनोज टैगोर ने दी। उन्होंने बताया कि सरकार ने उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए एक विशेष ऑनलाइन पोर्टल तैयार किया है। उपभोक्ता किसी एक कंज्यूमर आईडी के माध्यम से ओटीपी द्वारा लॉगिन कर सकते हैं।
लॉगिन करने के बाद उपभोक्ता के नाम पर दर्ज सभी बिजली मीटरों की सूची स्क्रीन पर दिखाई देगी। उपभोक्ताओं को जिन दो मीटरों पर सब्सिडी चाहिए, उन्हें चयन कर सेव करना होगा। चयनित दो मीटरों पर ही 125-125 यूनिट मुफ्त बिजली यानी कुल 250 यूनिट तक की सब्सिडी मिलेगी।
मनोज टैगोर ने स्पष्ट किया कि तीसरे या उससे अधिक बिजली मीटर पर किसी प्रकार की सब्सिडी नहीं दी जाएगी। ऐसे मीटरों का पूरा बिजली बिल उपभोक्ता को स्वयं भुगतान करना होगा।
उन्होंने बताया कि राशन कार्ड को बिजली मीटरों से लिंक करने की प्रक्रिया 15 अप्रैल 2026 से शुरू हो चुकी है। जिन उपभोक्ताओं ने अभी तक यह प्रक्रिया पूरी नहीं की है, उन्हें जल्द से जल्द पोर्टल पर जाकर लिंकिंग और मीटर चयन की प्रक्रिया पूरी करनी चाहिए, अन्यथा वे बिजली सब्सिडी के लाभ से वंचित हो सकते हैं।
बिजली और जनहित से जुड़ी हर बड़ी खबर के लिए पढ़ते रहिए मिथिला हिन्दी न्यूज