घर में घुसकर मारपीट, लूटपाट और गला दबाने का आरोप
सीतामढ़ी। रीगा थाना क्षेत्र के श्रीरामपुर टोला वार्ड संख्या-09 में शादी समारोह के दौरान डीजे पर अश्लील गाना बजाने के विरोध को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि मामला हिंसक झड़प में बदल गया। घटना में कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनका इलाज रीगा, सीतामढ़ी और मुजफ्फरपुर के अस्पतालों में चल रहा है। पीड़ित पक्ष ने रीगा थाना में आवेदन देकर नौ लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
पीड़ित रमेश कुमार, पिता सीताराम बैठा, निवासी श्रीरामपुर टोला, रीगा ने अपने आवेदन में बताया कि 6 मई 2026 को उनके पड़ोसी बमभोला बैठा की बेटी की शादी थी। शादी समारोह में डीजे पर कथित रूप से अश्लील गाने बजाए जा रहे थे। रमेश कुमार ने परिवार के साथ इसका विरोध करते हुए अश्लील गाना बंद कराने की बात कही। आरोप है कि इसी बात को लेकर बमभोला बैठा और उनके परिवार के लोग आक्रोशित हो गए तथा गाली-गलौज और मारपीट करने लगे। सूचना मिलने पर रीगा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत कराया।
आरोप है कि अगले दिन 7 मई की सुबह करीब आठ बजे उसी विवाद को लेकर शम्भू बैठा, हरिओम कुमार, नन्नलाल बैठा, रामप्रवेश बैठा, मनोज Kumar, सत्यम कुमार, शिवम कुमार, सतीश कुमार और रितिक कुमार सहित अन्य लोग हथियार, लोहे का रॉड, लाठी-डंडा और रस्सी लेकर रमेश कुमार के दरवाजे पर पहुंच गए। सभी ने गाली-गलौज करते हुए हमला कर दिया।
पीड़ित के अनुसार, शम्भू बैठा ने लोहे के रॉड से उनके सिर पर वार किया, जबकि बीच-बचाव करने पहुंचे उनके पिता सीताराम बैठा पर भी जानलेवा हमला किया गया, जिससे उनका सिर फट गया और वे गंभीर रूप से घायल हो गए। भाई उमेश कुमार तथा भतीजा रोहित कुमार को भी बेरहमी से पीटकर घायल कर दिया गया। आवेदन में आरोप लगाया गया है कि हमलावरों ने रमेश कुमार के गले में रस्सी डालकर खींचने का प्रयास किया, जिससे वे बेहोश होकर सड़क पर गिर पड़े।
घटना के दौरान आरोपियों द्वारा घर में घुसकर तोड़फोड़ करने तथा अलमारी से 30 हजार रुपये नकद और उमेश कुमार के गले से करीब 90 हजार रुपये मूल्य की सोने की चेन छीन लेने का भी आरोप लगाया गया है। शोर-शराबा सुनकर पहुंचे आसपास के लोगों ने किसी तरह बीच-बचाव कर घायलों को स्थानीय सरकारी अस्पताल पहुंचाया। पीड़ित पक्ष ने बताया कि घायलों की स्थिति गंभीर बनी हुई है और कुछ का इलाज मुजफ्फरपुर में चल रहा है।
मामले को लेकर रीगा थाना प्रभारी अभिषेक त्रिपाठी ने बताया कि दोनों ओर से आवेदन प्राप्त हुआ है। जांच के बाद प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है तथा आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
पढ़ते रहिए मिथिला हिन्दी न्यूज