रोहतास में बालू माफिया का खौफनाक तांडव: ड्यूटी पर तैनात ट्रैफिक सिपाही को ट्रैक्टर से कुचला, इलाज के दौरान मौत


बिहार के रोहतास जिले से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां बालू माफियाओं के बढ़ते दुस्साहस ने एक पुलिस जवान की जान ले ली। सासाराम में ड्यूटी पर तैनात ट्रैफिक सिपाही मुकेश कुमार ने नो-एंट्री क्षेत्र में घुस रहे बालू लदे ट्रैक्टर को रोकने की कोशिश की, लेकिन चालक ने मानवता की सारी हदें पार करते हुए उन पर ट्रैक्टर चढ़ा दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रैफिक व्यवस्था संभाल रहे सिपाही मुकेश कुमार ने नियमों का पालन कराने के लिए वाहन को रोकने का प्रयास किया था। इसी दौरान चालक ने वाहन नहीं रोका और तेज रफ्तार में ट्रैक्टर सिपाही के ऊपर चढ़ा दिया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

गंभीर रूप से घायल सिपाही को आनन-फानन में सासाराम सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए बीएचयू ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया। डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

घटना के बाद पुलिस प्रशासन हरकत में आ गया है। पुलिस ने बालू लदे ट्रैक्टर को जब्त कर लिया है, जबकि आरोपी चालक मौके से फरार हो गया। उसकी तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि आरोपी को जल्द गिरफ्तार किया जा सके।

इस दर्दनाक घटना के बाद पुलिस विभाग में शोक और आक्रोश का माहौल है। कानून व्यवस्था और बालू माफियाओं के बढ़ते हौसले पर भी सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस और अपराध से जुड़ी खबरों के लिए पढ़ते रहिए मिथिला हिन्दी न्यूज

👁️ अब तक पढ़ा गया: बार

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.