बिहार के सारण जिले के मढ़ौरा थाना क्षेत्र के बहुआरा पट्टी गांव से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने लोगों को फिल्म 'हम दिल दे चुके सनम' की याद दिला दी। हालांकि यह कोई फिल्मी कहानी नहीं, बल्कि गांव में पंचायत और लोगों की मौजूदगी के बीच हुई वास्तविक घटना बताई जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार, 32 वर्षीय ज्योति कुमारी की शादी कई वर्ष पहले अनूप कुमार राम से हुई थी। दोनों के चार बच्चे भी हैं और परिवार रोजी-रोटी के सिलसिले में पश्चिम बंगाल के आसनसोल में रह रहा था। बताया जा रहा है कि इसी दौरान अनूप के दोस्त राजेश दास का घर आना-जाना बढ़ा। समय के साथ ज्योति और राजेश के बीच नजदीकियां बढ़ीं और दोनों के बीच प्रेम संबंध बन गए।
बताया जा रहा है कि जब इस रिश्ते की जानकारी परिवार और ग्रामीणों को हुई तो मामला पंचायत तक पहुंचा। पंचायत और स्थानीय लोगों की मौजूदगी में भावनात्मक माहौल बना, जिसके बाद पति अनूप कुमार राम ने अपनी पत्नी का हाथ उसके प्रेमी राजेश दास के हाथों में सौंप दिया। इस अनोखी घटना को देखने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
घटना के बाद पूरे इलाके में इसकी चर्चा तेज हो गई है। लोग इसे अलग-अलग नजरिए से देख रहे हैं—कुछ इसे त्याग और समझदारी बता रहे हैं, तो कुछ परिवार और बच्चों के भविष्य को लेकर चिंता जता रहे हैं।
देश और बिहार की खबर के लिए पढ़ते रहिए मिथिला हिन्दी न्यूज.