सीतामढ़ी जिले के बैरगनिया प्रखंड स्थित अख्ता घाट पर मंगलवार को बागमती नदी में एक दर्दनाक हादसा हो गया। नदी में नहाने गई चार बच्चियां अचानक गहरे पानी में डूब गईं, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों में हड़कंप फैल गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, चारों बच्चियां घाट पर स्नान कर रही थीं, तभी अचानक तेज बहाव के कारण वे गहराई की ओर चली गईं। मौके पर मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए तुरंत बचाव कार्य शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद तीन बच्चियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जबकि एक बच्ची अब भी लापता बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन हरकत में आया। अंचलाधिकारी पल्लवी आनंद तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा ले रही हैं और बचाव अभियान की निगरानी कर रही हैं। स्थानीय मुखिया एवं ग्रामीण भी अपने स्तर पर बच्ची की तलाश में जुटे हुए हैं।
सूचना के अनुसार, राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) की टीम को बुलाया गया है और टीम जल्द मौके पर पहुंचकर सर्च ऑपरेशन तेज करेगी।
समाचार लिखे जाने तक लापता बच्ची का कोई सुराग नहीं मिल सका था, जबकि सुरक्षित निकाली गई तीनों बच्चियों की स्थिति के बारे में स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है।
प्रशासन ने लोगों से नदी किनारे सावधानी बरतने और बच्चों को अकेले पानी में न जाने देने की अपील की है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और चिंता का माहौल है।
👁️ अब तक पढ़ा गया:
बार