रील बनाने का जुनून बना मौत की वजह: रेलवे ट्रैक पर डांस कर रही युवती को एक्सप्रेस ट्रेन ने मारी टक्कर


सहरसा। सोशल मीडिया पर रील बनाने की बढ़ती दीवानगी एक बार फिर दर्दनाक हादसे की वजह बन गई। बिहार के सहरसा में रेलवे ट्रैक पर रील शूट करने के दौरान एक 20 वर्षीय युवती की दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और लोगों में शोक का माहौल है।

मृतका की पहचान खगड़िया जिले के मानसी थाना क्षेत्र निवासी अंजली कुमारी के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार अंजली अपने दो साथियों के साथ रेलवे ट्रैक पर फिल्मी गाने पर डांस करते हुए रील बना रही थी, जबकि उसके साथी मोबाइल से वीडियो शूट कर रहे थे।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार एक्सप्रेस ट्रेन आ गई। स्थानीय लोगों ने युवती को ट्रैक से हटने के लिए आवाज लगाई और सावधान करने की कोशिश भी की, लेकिन वह रील बनाने में इतनी व्यस्त थी कि उसने ध्यान नहीं दिया। देखते ही देखते ट्रेन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे के बाद वहां अफरा-तफरी मच गई। बताया जा रहा है कि वीडियो बना रहे दोनों युवक घटना के बाद मौके से फरार हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव के पास मिले मोबाइल फोन की मदद से युवती की पहचान की गई।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। साथ ही प्रशासन ने युवाओं से रेलवे ट्रैक और अन्य खतरनाक स्थानों पर रील या वीडियो न बनाने की अपील की है।

यह घटना सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव और लाइक्स-फॉलोअर्स की दौड़ में युवाओं के जोखिम भरे कदमों पर गंभीर सवाल खड़े करती है।

दुर्घटना और बिहार की ताज़ा खबरों के लिए पढ़ते रहिए मिथिला हिन्दी न्यूज

👁️ अब तक पढ़ा गया: बार

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.