सहरसा में डॉक्टर के घर 11 लाख की चोरी, बेटे पर देसी कट्टे की बट से हमला; हथियार छोड़कर फरार हुए बदमाश

सहरसा: बिहार के सहरसा जिले में बेखौफ चोरों ने एक डॉक्टर के घर लाखों रुपये की चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम दिया। घटना बख्तियारपुर थाना क्षेत्र के कानू टोला वार्ड संख्या-28 की है, जहां सोमवार देर रात बदमाश घर में घुसकर करीब 8 लाख रुपये के जेवर और 3 लाख रुपये नकद लेकर फरार हो गए। इस दौरान गृहस्वामी के बेटे ने एक चोर को पकड़ने की कोशिश की तो बदमाश ने देसी कट्टे की बट से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। जानकारी के अनुसार, घटना सोमवार रात करीब 2:30 बजे की है। उस समय परिवार के सभी सदस्य घर में सो रहे थे। पीड़ित परिवार का आशंका है कि वारदात से पहले बदमाशों ने घर के लोगों पर किसी नशीले स्प्रे का इस्तेमाल किया था, जिससे सभी गहरी नींद में थे।
इसी दौरान डॉक्टर उमेश भगत के 28 वर्षीय पुत्र ओमबाबू एक शादी समारोह से लौटे। घर का दरवाजा खुलवाने के दौरान उनकी नजर बाहर निकल रहे चोरों पर पड़ी। उन्होंने हिम्मत दिखाते हुए एक बदमाश को पकड़ लिया, जिसके बाद दोनों के बीच हाथापाई शुरू हो गई। खुद को घिरता देख बदमाश ने अपने पास मौजूद देसी कट्टे की बट से ओमबाबू के सिर और चेहरे पर कई वार कर दिए। हमले में वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े। उनके शोर मचाने पर आसपास के लोग जाग गए, जिससे घबराकर बदमाश मौके से फरार हो गए। भागने की जल्दबाजी में आरोपी अपना देसी कट्टा और एक जिंदा कारतूस घटनास्थल पर ही छोड़ गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और हथियार को जब्त कर लिया। घायल युवक को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल से मिले हथियार और अन्य साक्ष्यों के आधार पर बदमाशों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। अपराध और बिहार की हर बड़ी खबर के लिए पढ़ते रहिए मिथिला हिन्दी न्यूज।
👁️ अब तक पढ़ा गया: बार

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.