40 वर्षीय विधवा महिला से सामूहिक दुष्कर्म, तीनों आरोपी रातोंरात गिरफ्तार

चंडी (नालंदा): नालंदा जिले के चंडी थाना क्षेत्र में 40 वर्षीय विधवा महिला के साथ कथित सामूहिक दुष्कर्म की सनसनीखेज घटना सामने आई है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बुधवार तड़के तीनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। मामले की जांच जारी है और पुलिस तकनीकी साक्ष्य जुटाने में लगी है। पुलिस के अनुसार, नगरनौसा थाना क्षेत्र की रहने वाली पीड़िता की बातचीत लक्ष्मी बिगहा निवासी विकास कुमार से होती थी। मंगलवार शाम विकास ने फोन कर महिला को मिलने के लिए बुलाया और वाहन से लक्ष्मी बिगहा-रामपुर के खंधा इलाके में ले गया। वहां पहुंचने के बाद उसने अपने दो साथी शैलेश कुमार और नीतीश कुमार को भी बुला लिया। पीड़िता का आरोप है कि तीनों ने जबरन उसे मक्के के खेत में ले जाकर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। घटना के बाद आरोपित उसे वहीं छोड़कर फरार हो गए। वारदात के बाद किसी तरह बदहवास हालत में खेत से निकली महिला रामपुर रेलवे क्रॉसिंग के पास पहुंची, जहां एक राहगीर ने उसकी मदद की। सूचना मिलने पर डायल-112 पुलिस टीम मौके पर पहुंची और पीड़िता को चंडी थाना ले जाकर उसकी शिकायत दर्ज की गई। चंडी थानाध्यक्ष अखिलेश झा ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज होते ही पुलिस ने रात में लक्ष्मी बिगहा गांव में छापेमारी शुरू कर दी। बुधवार सुबह करीब तीन बजे विकास कुमार, शैलेश कुमार और नीतीश कुमार को उनके घरों से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस का कहना है कि घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए हैं और तकनीकी टीम की मदद से मामले की गहन जांच की जा रही है। आरोपितों के खिलाफ कानून के अनुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया कि जांच पूरी होने के बाद ही मामले के सभी तथ्यों की आधिकारिक पुष्टि की जाएगी। ऐसी ही ताज़ा और विश्वसनीय खबरों के लिए पढ़ते रहिए मिथिला हिन्दी न्यूज।
👁️ अब तक पढ़ा गया: बार

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.