👁️ अब तक पढ़ा गया:
बार
मोहर्रम जुलूस में बड़ा हादसा: तलवारबाजी के दौरान 16 वर्षीय किशोर के सिर में धंसी तलवार, ऑपरेशन के बाद बची जान
0
June 27, 2026
मधुबनी/राजनगर: मधुबनी जिले के राजनगर बाजार में शुक्रवार देर शाम मोहर्रम जुलूस के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। पारंपरिक तलवारबाजी का प्रदर्शन करते समय एक युवक के हाथ से तलवार फिसल गई और जुलूस में शामिल 16 वर्षीय किशोर के सिर में जा धंसी। हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और जुलूस कुछ देर के लिए रोकना पड़ा।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना राजनगर बाजार के चट्टी रोड पर हुई, जहां मोहर्रम जुलूस के दौरान पारंपरिक तलवारबाजी का प्रदर्शन चल रहा था। इसी दौरान एक युवक का संतुलन बिगड़ गया और उसके हाथ से तलवार छूटकर सीधे किशोर के सिर में जा लगी। तलवार करीब ढाई इंच तक सिर में धंस गई, जिससे किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने घायल किशोर को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, राजनगर पहुंचाया। प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. निरंजन जायसवाल एवं अन्य चिकित्सकों ने तलवार निकालने की कोशिश की, लेकिन तलवार गहराई तक धंसी होने के कारण उसे निकालना संभव नहीं हो सका। इसके बाद प्राथमिक उपचार कर किशोर को बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया।
परिजन घायल को सकरी स्थित रामशिला हॉस्पिटल लेकर पहुंचे, जहां डॉ. फैजुल हसन और उनकी टीम ने कई घंटे तक चले जटिल ऑपरेशन के बाद किशोर के सिर से तलवार सफलतापूर्वक निकाल दी। फिलहाल किशोर की हालत स्थिर बताई जा रही है और उसे आईसीयू में चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया है।
घायल की पहचान लहेरी बाजार निवासी मो. शहमद हुसैन के 16 वर्षीय पुत्र मो. नेमत के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन अस्पताल पहुंच गए।
इस घटना के बाद धार्मिक जुलूसों में सुरक्षा व्यवस्था और तलवारबाजी जैसे जोखिम भरे करतबों को लेकर गंभीर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि भविष्य में ऐसे आयोजनों के दौरान सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन कराया जाए, ताकि इस तरह के हादसों से बचा जा सके।
मधुबनी और बिहार की हर बड़ी खबर के लिए पढ़ते रहिए मिथिला हिन्दी न्यूज।
