30 जून के बाद बंद नहीं होगा LPG गैस सिलेंडर, जानिए नए नियम और किन उपभोक्ताओं पर पड़ेगा असर

नई दिल्ली: सोशल मीडिया पर इन दिनों यह खबर तेजी से वायरल हो रही है कि 30 जून के बाद LPG गैस सिलेंडर मिलना बंद हो जाएगा। हालांकि, यह दावा पूरी तरह सही नहीं है। सरकार ने घरेलू एलपीजी सिलेंडर बंद करने का कोई आदेश जारी नहीं किया है। सरकार ने केवल गैस वितरण व्यवस्था को अधिक पारदर्शी बनाने, डुप्लीकेट कनेक्शन रोकने और सब्सिडी सही लाभार्थियों तक पहुंचाने के लिए कुछ नए नियम लागू किए हैं। मार्च में लागू किए गए नए नियम के अनुसार, जिन क्षेत्रों में PNG (पाइप्ड नेचुरल गैस) की सुविधा उपलब्ध है, वहां रहने वाले उपभोक्ताओं को 90 दिनों के भीतर LPG से PNG में शिफ्ट होना होगा। यह समय-सीमा अब 30 जून के आसपास पूरी हो रही है। यदि कोई उपभोक्ता PNG उपलब्ध होने के बावजूद LPG का उपयोग जारी रखता है, तो उसके गैस कनेक्शन की समीक्षा कर नियमों के अनुसार कार्रवाई की जा सकती है। इन नियमों का असर मुख्य रूप से उन लोगों पर पड़ेगा जिनके इलाके में PNG सुविधा उपलब्ध है, लेकिन उन्होंने अब तक PNG कनेक्शन नहीं लिया है या फिर LPG और PNG दोनों का एक साथ उपयोग कर रहे हैं। सरकार का कहना है कि एक घर में एक ही गैस कनेक्शन मान्य होगा। इसके अलावा, LPG उपभोक्ताओं, विशेषकर उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों के लिए 30 जून तक e-KYC पूरा करना अनिवार्य है। यदि e-KYC नहीं कराया गया तो गैस सिलेंडर मिलना बंद नहीं होगा, लेकिन सब्सिडी का लाभ रुक सकता है। फिलहाल दिल्ली में 14.2 किलोग्राम घरेलू LPG सिलेंडर की कीमत करीब ₹942, 5 किलोग्राम सिलेंडर ₹349 और 19 किलोग्राम कमर्शियल सिलेंडर लगभग ₹3,113 का है। LPG की कीमतें अंतरराष्ट्रीय कच्चे तेल की कीमत, डॉलर की विनिमय दर, वैश्विक तनाव और मांग-आपूर्ति के आधार पर समय-समय पर बदलती रहती हैं। सरकार ने लोगों से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल आधिकारिक जानकारी पर ही भरोसा करें। पढ़ते रहिए – मिथिला हिन्दी न्यूज
👁️ अब तक पढ़ा गया: बार

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.