👁️ अब तक पढ़ा गया:
बार
खगड़िया में आसमानी आफत: बिजली गिरने से 5 लोगों की मौत, कई झुलसे
0
June 12, 2026
खगड़िया। बिहार के खगड़िया जिले में गुरुवार को आकाशीय बिजली का कहर देखने को मिला। जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में बिजली गिरने की तीन घटनाओं में पांच लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग घायल हो गए। मृतकों में एक 8 वर्षीय मासूम बच्चा भी शामिल है। इस हादसे के बाद प्रभावित गांवों में शोक की लहर दौड़ गई है।
पहली घटना गोगरी प्रखंड की बलतारा पंचायत के कनहौली गांव में हुई, जहां खेत में काम कर रहे लोगों पर अचानक आकाशीय बिजली गिर गई। इस हादसे में आशुतोष यादव, विद्यानंद यादव और आशुतोष यादव के 8 वर्षीय पुत्र की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं दो अन्य ग्रामीण घायल हो गए, जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है और उनकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है।
दूसरी घटना बेलदौर थाना क्षेत्र में हुई, जहां 21 वर्षीय कुश महतो और ट्रैक्टर चालक अजनाश महतो बिजली की चपेट में आ गए। ग्रामीणों ने दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने कुश महतो को मृत घोषित कर दिया। बाद में इलाज के दौरान अजनाश महतो की भी मौत हो गई।
इसके अलावा इतमादी गांव में भी बिजली गिरने की एक अन्य घटना में पांच लोग गंभीर रूप से झुलस गए। सभी घायलों का विभिन्न अस्पतालों में इलाज जारी है।
घटनाओं के बाद स्थानीय लोगों ने मृतकों के परिजनों को शीघ्र मुआवजा देने की मांग की है। प्रशासन ने मामले की जानकारी मिलने के बाद राहत एवं सहायता प्रक्रिया शुरू करने की बात कही है। वहीं मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और खुले स्थानों पर जाने से बचने की अपील की है।
बिहार की ताजा खबरों के लिए पढ़ते रहिए मिथिला हिन्दी न्यूज।
