मुंबई: मॉनसून का इंतजार कर रहे मुंबईवासियों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, रुका हुआ दक्षिण-पश्चिम मॉनसून अगले 48 घंटों के भीतर यानी 25 जून तक मुंबई और आसपास के क्षेत्रों में दस्तक दे सकता है। मौसम विभाग का कहना है कि मॉनसून के आगे बढ़ने के लिए वातावरणीय परिस्थितियां एक बार फिर अनुकूल बन रही हैं।
IMD ने सोमवार से मुंबई और ठाणे के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के मुताबिक, इस दौरान कई इलाकों में तेज हवाओं, गरज-चमक और मध्यम से भारी बारिश की संभावना है। मौसम वैज्ञानिकों का मानना है कि अरब सागर में सक्रिय हो रही मौसमी प्रणाली मॉनसून की गति को तेज कर सकती है।
उधर, बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) ने भी मौसम विभाग की चेतावनी के आधार पर नागरिकों के लिए एडवाइजरी जारी की है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलें और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूरी बनाए रखें।
नगर निगम ने आपदा प्रबंधन टीमों को अलर्ट मोड पर रखा है तथा संभावित जलजमाव और आपात स्थितियों से निपटने के लिए आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं। वहीं, मछुआरों और समुद्र तट के आसपास रहने वाले लोगों को भी विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
मुंबई में लगातार बढ़ती गर्मी और उमस के बीच लोग बेसब्री से मॉनसून का इंतजार कर रहे हैं। मौसम विभाग की इस घोषणा के बाद अब उम्मीद जताई जा रही है कि अगले कुछ दिनों में बारिश शहरवासियों को गर्मी से राहत दिलाएगी।
मौसम खबर के लिए पढ़ते रहिए मिथिला हिन्दी न्यूज।