👁️ अब तक पढ़ा गया:
बार
1100 की पेंशन निकालने पहुंचे बुजुर्ग की रसीद में दिखे 740 करोड़ रुपये, बैंक ने बताई सच्चाई
0
July 12, 2026
समस्तीपुर जिले के सरायरंजन प्रखंड के गावपुर गांव में उस समय लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गया, जब 80 वर्षीय वृद्ध पेंशनधारी भरत ईश्वर की बैंक रसीद में खाते का बैलेंस 740 करोड़ रुपये से अधिक दिखाई दिया।
भरत ईश्वर शुक्रवार को ₹1100 की वृद्धावस्था पेंशन निकालने के लिए नजदीकी ग्राहक सेवा केंद्र (सीएसपी) पहुंचे थे। आधार आधारित भुगतान प्रणाली (AEPS) से पैसे निकालने के बाद मिली रसीद में खाते का शेष 7,40,68,72,895.78 रुपये दर्ज था। यह देखकर बुजुर्ग और सीएसपी संचालक दोनों हैरान रह गए। कुछ ही देर में यह खबर पूरे गांव में फैल गई और बड़ी संख्या में लोग रसीद देखने पहुंचने लगे।
हालांकि, जब भरत ईश्वर सरायरंजन स्थित Central Bank of India की शाखा पहुंचे, तो जांच में पता चला कि उनके खाते में वास्तविक शेष राशि केवल 500 रुपये है। शाखा प्रबंधक ने स्पष्ट किया कि खाते में किसी प्रकार का करोड़ों रुपये का लेन-देन नहीं हुआ है और पासबुक अपडेट कराने पर भी यही बैलेंस दिखाई देगा।
बैंक अधिकारियों के अनुसार रसीद में दिखाई गई करोड़ों रुपये की राशि तकनीकी गड़बड़ी का परिणाम है। इस संबंध में क्षेत्रीय कार्यालय को सूचना भेज दी गई है ताकि तकनीकी खामी को जल्द दूर किया जा सके।
बैंक ने ग्राहकों से अपील की है कि यदि किसी रसीद या ट्रांजेक्शन में असामान्य बैलेंस दिखाई दे, तो घबराने के बजाय तुरंत संबंधित बैंक शाखा से संपर्क कर खाते की वास्तविक स्थिति की पुष्टि करें।
