पटना: बिहार पंचायत चुनाव 2027 को लेकर बड़ी खबर सामने आ रही है। सूत्रों के अनुसार, राज्य निर्वाचन आयोग अगले सप्ताह पंचायत चुनाव की तारीखों की घोषणा कर सकता है। संभावित कार्यक्रम के अनुसार इस बार पंचायत चुनाव 11 चरणों में कराए जाने की तैयारी है, ताकि शांतिपूर्ण और निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित किया जा सके।
मिथिला हिन्दी न्यूज को मिली सूत्रों की जानकारी के अनुसार, पहले चरण का मतदान 24 सितंबर को होगा, जिसमें 10 जिलों के 12 प्रखंडों में वोट डाले जाएंगे। इसके बाद 29 सितंबर को दूसरे चरण में 32 जिलों के 48 प्रखंडों, 8 अक्टूबर को तीसरे चरण में 35 जिलों के 50 प्रखंडों, 20 अक्टूबर को चौथे चरण में 36 जिलों के 53 प्रखंडों तथा 24 अक्टूबर को पांचवें चरण में 38 जिलों के 58 प्रखंडों में मतदान प्रस्तावित है।
संभावित कार्यक्रम के अनुसार 3 नवंबर को छठे चरण में 37 जिलों के 57 प्रखंडों, 15 नवंबर को सातवें चरण में 37 जिलों के 63 प्रखंडों तथा 24 नवंबर को आठवें चरण में 36 जिलों के 55 प्रखंडों में मतदान कराया जाएगा।
इसके बाद 29 नवंबर को नौवें चरण में 33 जिलों के 53 प्रखंडों और 8 दिसंबर को दसवें चरण में 34 जिलों के 53 प्रखंडों में मतदान होने की संभावना है। वहीं 11वें और अंतिम चरण का मतदान बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के लिए प्रस्तावित है। इस चरण में 20 जिलों के 38 प्रखंडों में चुनाव कराने की तैयारी की जा रही है।
हालांकि, अभी तक राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से आधिकारिक अधिसूचना जारी नहीं की गई है। अंतिम कार्यक्रम की पुष्टि आयोग द्वारा चुनाव तिथियों की औपचारिक घोषणा के बाद ही होगी। फिलहाल संभावित कार्यक्रम को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज कर दी गई हैं और राजनीतिक दलों ने भी अपनी चुनावी रणनीति बनानी शुरू कर दी है।
पढ़ते रहिए – मिथिला हिन्दी न्यूज