सासाराम में दर्दनाक हादसा: फल खरीदने निकले युवक की ट्रेन से कटकर मौत, पांच महीने पहले हुई थी शादी

सासाराम: पंडित दीनदयाल उपाध्याय–गया रेलखंड पर सासाराम स्टेशन के समीप स्थित धनपुरवा रेलवे क्रॉसिंग के पास रविवार रात एक दर्दनाक हादसे में 28 वर्षीय युवक की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। मृतक की पहचान सासाराम शहर के मोहदीगंज मोहल्ला निवासी नीतीश पटेल (28) के रूप में हुई है। सूचना मिलने पर जीआरपी मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। परिजनों ने बताया कि रविवार रात करीब आठ बजे नीतीश घर से बाजार फल खरीदने के लिए निकले थे। इसी दौरान धनपुरवा रेलवे क्रॉसिंग के पास किसी ट्रेन की चपेट में आ गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और स्थानीय लोग घटनास्थल पर पहुंच गए। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के कारण कुछ देर तक मौके पर लोगों की भीड़ लगी रही। बताया जा रहा है कि नीतीश पटेल की शादी इसी वर्ष फरवरी महीने में हुई थी। शादी के महज कुछ महीनों बाद हुए इस हादसे से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पत्नी सहित पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे मोहल्ले में शोक का माहौल है। जीआरपी थानाध्यक्ष सुमन कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया युवक की मौत ट्रेन की चपेट में आने से हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। दुर्घटना एवं बिहार की हर बड़ी खबर के लिए पढ़ते रहिए — मिथिला हिन्दी न्यूज
👁️ अब तक पढ़ा गया: बार

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.