👁️ अब तक पढ़ा गया:
बार
बांकीपुर उपचुनाव में उतरेंगे प्रशांत किशोर! जन सुराज आज कर सकती है उम्मीदवार की घोषणा
0
July 05, 2026
पटना: बिहार की चर्चित बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) और महागठबंधन की ओर से अभी तक उम्मीदवारों के नाम का ऐलान नहीं हुआ है, लेकिन जन सुराज पार्टी आज बड़ा राजनीतिक दांव खेल सकती है। चर्चा है कि चुनावी रणनीतिकार से नेता बने प्रशांत किशोर खुद बांकीपुर विधानसभा सीट से चुनावी मैदान में उतर सकते हैं।
जन सुराज के प्रदेश अध्यक्ष मनोज भारती ने पहले ही संकेत दे दिए थे कि पार्टी का उम्मीदवार जनता की राय के आधार पर तय किया जाएगा। उन्होंने बताया कि पिछले एक महीने से बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र में लगातार फीडबैक लिया गया और कार्यकर्ताओं के साथ कई दौर की बैठकों के बाद यह राय बनी कि यदि प्रशांत किशोर चुनाव लड़ते हैं तो पार्टी को मजबूती मिलेगी।
मनोज भारती ने दावा किया कि बांकीपुर की जनता राज्य और केंद्र की एनडीए सरकार से नाराज है और बदलाव चाहती है। उन्होंने कहा कि लोगों की इच्छा है कि प्रशांत किशोर इस सीट से चुनाव लड़ें और जन सुराज को नई पहचान दिलाएं। पार्टी कार्यकर्ताओं का भी मानना है कि संगठन के सूत्रधार को स्वयं मैदान में उतरना चाहिए।
हालांकि राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि बांकीपुर विधानसभा सीट पर जीत की राह प्रशांत किशोर के लिए आसान नहीं होगी। लंबे समय से यह सीट भाजपा का मजबूत गढ़ मानी जाती रही है। यहां कायस्थ मतदाताओं का प्रभाव निर्णायक माना जाता है। यदि भाजपा इस बार भी किसी मजबूत कायस्थ चेहरे को उम्मीदवार बनाती है, तो मुकाबला जन सुराज के लिए चुनौतीपूर्ण हो सकता है।
पिछले विधानसभा चुनाव में भाजपा के नितिन नवीन ने 98,299 वोट (62.66 प्रतिशत वोट शेयर) हासिल कर शानदार जीत दर्ज की थी। वहीं राजद की रेखा कुमारी को 46,363 वोट (29.55 प्रतिशत) मिले थे। जन सुराज की उम्मीदवार वंदना कुमारी को केवल 7,717 वोट (4.92 प्रतिशत) प्राप्त हुए थे। भाजपा और जन सुराज के बीच करीब 90 हजार वोटों का अंतर रहा था।
ऐसे में यदि प्रशांत किशोर खुद चुनावी मैदान में उतरते हैं, तो उनके सामने सबसे बड़ी चुनौती भाजपा के मजबूत वोट बैंक में सेंध लगाने और अपने वोट शेयर में उल्लेखनीय बढ़ोतरी करने की होगी। बांकीपुर उपचुनाव के लिए 30 जुलाई को मतदान होना है और अब सभी की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि क्या जन सुराज आधिकारिक रूप से प्रशांत किशोर को उम्मीदवार घोषित करती है या कोई नया राजनीतिक दांव चलता है।
राजनीति, बिहार और देश-दुनिया की ताजा एवं विश्वसनीय खबरों के लिए पढ़ते रहिए मिथिला हिन्दी न्यूज।
