👁️ अब तक पढ़ा गया:
बार
पटना में बम की धमकी से हड़कंप: मुख्यमंत्री आवास, सचिवालय और 4 स्कूल निशाने पर, जांच में जुटी पुलिस
0
July 21, 2026
पटना: बिहार की राजधानी पटना में मंगलवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब मुख्यमंत्री आवास, मुख्यमंत्री सचिवालय और दानापुर के चार प्रमुख स्कूलों को ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिली। धमकी मिलने के बाद पुलिस और प्रशासन तत्काल अलर्ट मोड में आ गया। हालांकि ईमेल में दोपहर 3:11 बजे मुख्यमंत्री सचिवालय में विस्फोट की बात कही गई थी, लेकिन निर्धारित समय तक कोई विस्फोट नहीं हुआ और यह दावा झूठा साबित हुआ।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह 7:57 बजे मुख्यमंत्री सचिवालय को भेजे गए ईमेल में मुख्यमंत्री सचिवालय को दोपहर 3:11 बजे तथा मुख्यमंत्री कार्यालय और आवास को रात 9:11 बजे बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी। इसके बाद मुख्यमंत्री आवास और सचिवालय की सुरक्षा तत्काल बढ़ा दी गई और पूरे परिसर की गहन तलाशी शुरू कर दी गई।
धमकी भरे ईमेल में दानापुर के आर्मी पब्लिक स्कूल, रेडियंट इंटरनेशनल स्कूल, डीपीएस सीनियर स्कूल और डीपीएस जूनियर स्कूल का भी उल्लेख किया गया। एहतियात के तौर पर सभी स्कूलों को खाली कराया गया, छात्रों को सुरक्षित घर भेजा गया और पुलिस ने परिसर में सर्च अभियान चलाया।
धमकी के बाद डॉग स्क्वॉड और बम निरोधक दस्ता (बम स्क्वॉड) को मौके पर तैनात किया गया। सभी संवेदनशील स्थानों की बारीकी से जांच की जा रही है। फिलहाल किसी भी स्थान से कोई संदिग्ध वस्तु बरामद होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
बिहार विधानसभा का मानसून सत्र चलने के कारण राजधानी में पहले से ही सुरक्षा व्यवस्था कड़ी थी। इस घटना के बाद पुलिस मुख्यालय और जिला प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त कर दिया है।
पुलिस ईमेल भेजने वाले की पहचान में जुटी है। साइबर विशेषज्ञ ईमेल की तकनीकी जांच कर रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
— रोहित कुमार सोनू
संपादक, मिथिला हिन्दी न्यूज

