सीतामढ़ी में घर से 5.26 लाख रुपये और सोने-चांदी के जेवरात की चोरी, खेत में टूटे मिले बक्से; पुलिस जांच में जुटी

सीतामढ़ी: जिले के डुमरा थाना क्षेत्र के आजमगढ़ वार्ड संख्या-1 में चोरों ने एक घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये की नकदी और सोने-चांदी के जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। अज्ञात बदमाश रात के अंधेरे में घर में घुसे और करीब 5.26 लाख रुपये नकद के साथ कीमती आभूषण चोरी कर फरार हो गए। शुक्रवार सुबह घटना की जानकारी मिलने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पीड़ित सियाराम साह ने डुमरा थाना में दिए आवेदन में बताया कि रात में पूरा परिवार भोजन करने के बाद सो गया था। सुबह जब नींद खुली तो घर का मुख्य दरवाजा खुला मिला। बाहर निकलने पर घर के बगल के खेत में पेटी, बक्सा, अटैची और बैग टूटे हुए पड़े थे तथा सामान बिखरा हुआ था। इसके बाद चोरी की वारदात का पता चला। पीड़ित के अनुसार, चोर घर में रखे 5.26 लाख रुपये नकद लेकर फरार हो गए। चोरी हुई रकम में मजदूरी से बचाए गए 60 हजार रुपये, बेटी चंदा की 1.96 लाख रुपये की बचत, बेटी खुशबू के 70 हजार रुपये, भैंस और उसके बच्चे की बिक्री से मिले एक लाख रुपये सहित अन्य नकदी शामिल थी। यह राशि किराना दुकान के लिए सामान खरीदने के उद्देश्य से घर में रखी गई थी। नकदी के अलावा चोर चांदी की हंसुली, सोने का जितिया, मंगलसूत्र, चांदी की पायल, सोने की हनुमानी तथा कान और नाक के कई कीमती आभूषण भी अपने साथ ले गए। बदमाश बक्से और अटैची तोड़कर कीमती सामान समेटकर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही डुमरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और अज्ञात चोरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है। वहीं, स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं पर चिंता जताते हुए पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है। — मिथिला हिंदी न्यूज़ रिपोर्ट: रोहित कुमार सोनू
👁️ अब तक पढ़ा गया: बार

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.