मुर्शिदाबाद में दर्दनाक रेल हादसा: स्कूल वाहन को ट्रेन ने मारी टक्कर, दो मासूम छात्रों समेत तीन की मौत; कई घायल

मुर्शिदाबाद: पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले में शुक्रवार सुबह एक दिल दहला देने वाला रेल हादसा हुआ, जिसने पूरे इलाके को शोक में डुबो दिया। बरहमपुर के कर्णसुबर्णा और गोविंदपुर रेलवे स्टेशनों के बीच एक निजी स्कूल का वाहन रेलवे क्रॉसिंग पार कर रहा था, तभी तेज रफ्तार ट्रेन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दो मासूम छात्रों और वाहन चालक समेत तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, स्कूल वाहन में करीब आठ लोग सवार थे। बताया जा रहा है कि रेलवे फाटक खुला हुआ था, तभी निमटिटा-कटवा पैसेंजर ट्रेन अचानक सामने आ गई। कुछ ही सेकंड में ट्रेन ने वाहन को भीषण टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहन के परखच्चे उड़ गए और मौके पर चीख-पुकार मच गई। हादसे के बाद स्थानीय लोग बिना देर किए मौके पर पहुंचे और क्षतिग्रस्त वाहन में फंसे बच्चों को बाहर निकालने का प्रयास किया। घायलों को तत्काल कर्णसुबर्णा ब्लॉक अस्पताल पहुंचाया गया। गंभीर रूप से घायल छात्रों को बेहतर इलाज के लिए मुर्शिदाबाद मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। इस हादसे के बाद रेलवे फाटक की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। प्रत्यक्षदर्शियों का दावा है कि ट्रेन आने के बावजूद रेलवे गेट खुला था। घटना के बाद पूर्वी रेलवे ने पूरे मामले की जांच के आदेश दिए हैं और एक विशेष जांच दल को घटनास्थल पर भेजा गया है। यह पता लगाया जा रहा है कि हादसे के समय गेटमैन मौजूद था या नहीं और यदि था तो फाटक खुला कैसे रह गया। फिलहाल पुलिस और रेलवे अधिकारी मौके पर मौजूद हैं। पूरे क्षेत्र में मातम का माहौल है और हादसे ने एक बार फिर रेलवे क्रॉसिंग पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। — मिथिला हिंदी न्यूज़ रिपोर्ट: रोहित कुमार सोनू
👁️ अब तक पढ़ा गया: बार

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.