समस्तीपुर में ज्वेलरी दुकान में लूट की कोशिश, विरोध करने पर दुकानदार को मारी गोली; सात हथियारबंद बदमाश फरार

समस्तीपुर: जिले के विभूतिपुर थाना क्षेत्र में गुरुवार देर रात हथियारबंद बदमाशों ने एक ज्वेलरी दुकान में लूटपाट की कोशिश की। विरोध करने पर बदमाशों ने दुकानदार को गोली मार दी। घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। घटना विभूतिपुर थाना क्षेत्र के सिंधिया घाट स्थित पंचवटी चौक पर दिनेश ज्वेलर्स एंड सन्स की है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार करीब सात हथियारबंद बदमाश बोलेरो वाहन से पहुंचे थे। इनमें तीन बदमाश वाहन में ही रुके रहे, जबकि चार बदमाश पिस्टल लेकर दुकान में घुस गए और लूटपाट का प्रयास करने लगे। दुकानदार दिनेश साह ने जब बदमाशों का विरोध किया तो अपराधियों ने उन्हें गोली मार दी। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर जुटने लगे। भीड़ बढ़ती देख बदमाश हवाई फायरिंग करते हुए बोलेरो से फरार हो गए। घायल दुकानदार को स्थानीय लोगों की मदद से तुरंत सदर अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों के अनुसार उनकी हालत फिलहाल खतरे से बाहर है और उनका इलाज जारी है। घटना की सूचना मिलते ही सदर डीएसपी-2 संजय कुमार और विभूतिपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। बदमाशों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। — मिथिला हिंदी न्यूज़ रिपोर्ट: रोहित कुमार सोनू
👁️ अब तक पढ़ा गया: बार

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.