बिहार में बनेंगे तीन नए गंगा पथ, 6 जिलों की कनेक्टिविटी होगी मजबूत

पटना, बिहार: बिहार में सड़क नेटवर्क को और मजबूत बनाने की दिशा में राज्य सरकार बड़ा कदम उठाने जा रही है। जल्द ही राज्य में तीन नए गंगा पथ का निर्माण होगा, जिससे पटना, सारण, सीवान, भोजपुर, बक्सर और गोपालगंज सहित आसपास के जिलों के बीच आवागमन पहले से अधिक आसान और तेज हो जाएगा। इन परियोजनाओं के लिए बिहार राज्य पथ विकास निगम (BSRDC) ने तैयारी अंतिम चरण में पहुंचा दी है और टेंडर प्रक्रिया के बाद एजेंसियों के चयन की प्रक्रिया जारी है। जल्द ही सर्वे का कार्य शुरू किया जाएगा। प्रस्तावित परियोजनाओं में बिदुपुर-दिघवारा गंगा अंबिका पथ (56 किमी), मनेर-बक्सर विश्वामित्र गंगा पथ (90 किमी) और सारण के दरिहारा (कोन्हुआ) से गोपालगंज के डुमरिया घाट तक नारायणी पथ (73.51 किमी) शामिल हैं। सर्वे के दौरान फाइनल एलाइनमेंट, ट्रैफिक दबाव, निर्माण लागत और अन्य तकनीकी पहलुओं का आकलन किया जाएगा। साथ ही इन मार्गों पर भविष्य में टोल टैक्स लगाने की संभावना का भी अध्ययन होगा। इन सड़क परियोजनाओं के पूरा होने से लोगों को जाम से राहत मिलेगी, यात्रा का समय घटेगा और बिहार में सड़क संपर्क को नई मजबूती मिलेगी। — मिथिला हिन्दी न्यूज संपादक: रोहित कुमार सोनू
👁️ अब तक पढ़ा गया: बार

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.