बिहार: एसकेएमसीएच में मरीज की मौत के बाद बवाल, इमरजेंसी वार्ड में तोड़फोड़ और हंगामा, दो घंटे तक बाधित रही इलाज व्यवस्था

मुजफ्फरपुर, बिहार: श्रीकृष्ण मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (एसकेएमसीएच) के इमरजेंसी वार्ड में मंगलवार शाम एक महिला मरीज की मौत के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों ने जमकर हंगामा किया। मुआवजे की मांग को लेकर उग्र हुए लोगों ने अस्पताल परिसर में तोड़फोड़ की और स्वास्थ्यकर्मियों के साथ बदसलूकी की। हंगामे के कारण करीब दो घंटे तक इमरजेंसी वार्ड में इलाज प्रभावित रहा। जानकारी के अनुसार, मिठनपुरा थाना क्षेत्र के रामबाग चौरी निवासी मो. सोनू की 35 वर्षीय पत्नी शबनम खातून को गंभीर हालत में एक निजी अस्पताल से रेफर कर एसकेएमसीएच लाया गया था। चिकित्सकों ने गंभीर स्थिति को देखते हुए परिजनों के अनुरोध पर उन्हें भर्ती कर इलाज शुरू किया, लेकिन मंगलवार शाम करीब साढ़े छह बजे उनकी मौत हो गई। मौत के बाद चिकित्सकों ने औपचारिक प्रक्रिया के तहत ईसीजी कराने की बात कही। इसी दौरान परिजनों के बीच शव गायब किए जाने की अफवाह फैल गई। इसके बाद बड़ी संख्या में लोग अस्पताल पहुंच गए और इमरजेंसी वार्ड में हंगामा शुरू कर दिया। आरोप है कि भीड़ ने चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ और अन्य स्वास्थ्यकर्मियों के साथ मारपीट और अभद्र व्यवहार भी किया। घटना की सूचना मिलते ही एसकेएमसीएच ओपी पुलिस और अहियापुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। इसी बीच घटना की जानकारी मिलने पर एमबीबीएस छात्र और जूनियर डॉक्टर भी हॉस्टल से अस्पताल पहुंच गए, जिससे दोनों पक्षों के बीच तनाव और बढ़ गया। हालात बिगड़ने पर पुलिस को हल्का बल प्रयोग कर भीड़ को हटाना पड़ा, जिसके बाद स्थिति पर नियंत्रण पाया जा सका। पुलिस ने मृतका के परिजनों से लिखित आवेदन देने और शव का पोस्टमार्टम कराने का आग्रह किया, लेकिन परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। इसके बाद आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिया गया। एसकेएमसीएच ओपी के एएसआई दीपक कुमार सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझाकर स्थिति सामान्य कराई गई। फिलहाल अस्पताल परिसर में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए इमरजेंसी वार्ड के बाहर पुलिस बल तैनात किया गया है। — मिथिला हिन्दी न्यूज संपादक: रोहित कुमार सोनू
👁️ अब तक पढ़ा गया: बार

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.