👁️ अब तक पढ़ा गया:
बार
पेपर लीक मुद्दे पर दिल्ली में कांग्रेस का प्रदर्शन, राहुल गांधी-प्रियंका गांधी समेत कई नेता हिरासत में
0
July 21, 2026
नई दिल्ली: पेपर लीक के मुद्दे पर प्रधानमंत्री आवास की ओर मार्च कर रहे कांग्रेस नेताओं को मंगलवार को दिल्ली पुलिस ने हिरासत में ले लिया। हिरासत में लिए गए नेताओं में राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा, कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता और समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव भी शामिल हैं। प्रदर्शन के दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की भी हुई।
हिरासत में लिए जाने के बाद कांग्रेस सांसद रणदीप सिंह सुरजेवाला ने कहा कि यह आंदोलन यहीं समाप्त नहीं होगा। उन्होंने आरोप लगाया कि पेपर लीक से लाखों युवाओं का भविष्य प्रभावित हुआ है और इस मुद्दे पर सरकार को जवाब देना होगा। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के नेतृत्व में यह आंदोलन आगे भी जारी रहेगा।
विरोध प्रदर्शन में शामिल सपा प्रमुख अखिलेश यादव को भी पुलिस ने हिरासत में लिया। उन्हें राहुल गांधी के साथ पुलिस बस में ले जाया गया। इस दौरान प्रियंका गांधी वाड्रा ने पुलिस कार्रवाई का विरोध किया।
कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और अन्य नेताओं के साथ पुलिस ने दुर्व्यवहार किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस लोकतांत्रिक तरीके से अपना विरोध जारी रखेगी और फिर से प्रदर्शन करेगी।
धरना शुरू होने के बाद केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह और केंद्रीय गृह सचिव गोविंद मोहन प्रदर्शन स्थल पर पहुंचे और राहुल गांधी से बातचीत कर धरना समाप्त करने का अनुरोध किया। जितेंद्र सिंह के अनुसार, राहुल गांधी ने कहा कि यदि सरकार NEET और पेपर लीक से जुड़े सभी मुद्दों पर संसद में चर्चा के लिए तैयार होती है तो वे धरना समाप्त कर देंगे। मंत्री ने दावा किया कि सरकार ने चर्चा के लिए सहमति जताई, लेकिन इसके बाद राहुल गांधी ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग भी जोड़ दी। जितेंद्र सिंह ने इसे लोकतांत्रिक संवाद के अनुरूप नहीं बताया।
वहीं, कांग्रेस का कहना है कि युवाओं के भविष्य से जुड़े मुद्दों पर सरकार को जवाबदेह होना चाहिए और जब तक दोषियों पर सख्त कार्रवाई नहीं होती, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।
— रोहित कुमार सोनू
संपादक, मिथिला हिन्दी न्यूज
