मधुबनी सदर अस्पताल से भर्ती मरीज लापता, परिजनों ने लगाया लापरवाही का आरोप; सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

मधुबनी: मॉडल सदर अस्पताल में प्रशासनिक लापरवाही का गंभीर मामला सामने आया है। मेडिसिन वार्ड में भर्ती एक मरीज रविवार देर रात अचानक लापता हो गया। घटना के बाद अस्पताल में हड़कंप मच गया, जबकि परिजन लगातार मरीज की तलाश में जुटे हैं। काफी खोजबीन के बावजूद अब तक मरीज का कोई सुराग नहीं मिल पाया है। लापता मरीज सदानंद मुखिया की पत्नी विमला देवी ने बताया कि उनके पति की मानसिक स्थिति भी ठीक नहीं थी। उन्होंने आरोप लगाया कि घटना के बाद से वह लगातार स्टाफ नर्स और सुरक्षा कर्मियों से सीसीटीवी फुटेज दिखाने की मांग करती रहीं, लेकिन किसी ने सहयोग नहीं किया। सोमवार दोपहर तक मरीज का पता नहीं चलने पर उन्होंने अस्पताल के प्रभारी अधीक्षक से शिकायत की, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। सदर अस्पताल के प्रभारी अधीक्षक डॉ. राजीव रंजन ने बताया कि मामले की जानकारी पुलिस को दे दी गई है। उन्होंने कहा कि सीसीटीवी फुटेज की मदद से मरीज की तलाश की जा रही है। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि मरीज के परिजनों को भी अपने मरीज पर नजर रखनी चाहिए। इस घटना के बाद अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठने लगे हैं। वहीं, मरीजों और उनके परिजनों ने आरोप लगाया कि मेडिसिन वार्ड में डॉक्टरों का नियमित राउंड नहीं हो रहा है। उनका कहना है कि रविवार सुबह के बाद सोमवार दोपहर तक कोई डॉक्टर वार्ड में नहीं आया और मरीज पूरी तरह स्टाफ नर्सों के भरोसे रहे। इससे इलाज व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो गए हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर लापता मरीज की तलाश की जा रही है। अस्पताल प्रशासन की कार्यप्रणाली और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी जांच की मांग उठने लगी है। — रोहित कुमार सोनू संपादक, मिथिला हिन्दी न्यूज
👁️ अब तक पढ़ा गया: बार

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.