👁️ अब तक पढ़ा गया:
बार
सीतामढ़ी में नवविवाहिता की संदिग्ध मौत, कमरे से मिला शव; पति समेत ससुराल वाले फरार
0
July 21, 2026
सीतामढ़ी: जिले के रुन्नीसैदपुर थाना क्षेत्र के खड़का पंचायत वार्ड संख्या-4 में मंगलवार सुबह एक नवविवाहिता का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान शबनम खातून (20 वर्ष) के रूप में हुई है, जो खड़का निवासी सगीर आलम उर्फ टुन्नू रायन की पत्नी थीं। घटना के बाद से पति समेत ससुराल पक्ष के सभी सदस्य घर छोड़कर फरार बताए जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह ग्रामीणों ने शबनम खातून का शव घर के कमरे में बिछावन पर पड़ा देखा। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची रुन्नीसैदपुर थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, सीतामढ़ी भेज दिया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया और वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए। पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, शबनम खातून और सगीर आलम का कुछ महीने पहले प्रेम विवाह हुआ था। शादी के बाद दोनों साथ रह रहे थे। ऐसे में नवविवाहिता की संदिग्ध मौत और घटना के बाद पति व ससुराल पक्ष के लोगों के फरार होने से कई सवाल खड़े हो गए हैं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। फिलहाल हत्या और आत्महत्या दोनों पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम और एफएसएल रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। पुलिस फरार पति और अन्य परिजनों की तलाश में छापेमारी कर रही है।
— रोहित कुमार सोनू
संपादक, मिथिला हिन्दी न्यूज
