👁️ अब तक पढ़ा गया:
बार
LNMU की पीजी छात्रा की संदिग्ध मौत से सनसनी, परिवार ने आत्महत्या मानने से किया इनकार; निष्पक्ष जांच की मांग
0
July 21, 2026
दरभंगा: ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय (LNMU) की स्नातकोत्तर (पीजी) की छात्रा निधि कुमारी की विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र स्थित एक निजी हॉस्टल में संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत का मामला लगातार उलझता जा रहा है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों के लिखित आवेदन का इंतजार कर रही है, जबकि मृतका के परिजनों ने इसे आत्महत्या मानने से साफ इनकार करते हुए मामले की उच्च स्तरीय और निष्पक्ष जांच की मांग की है।
मृतका की पहचान मधुबनी जिले के बिस्फी प्रखंड के घाट भटरा गांव निवासी विद्या प्रसाद यादव की पुत्री निधि कुमारी के रूप में हुई है। वह एलएनएमयू में इतिहास विषय से पीजी की पढ़ाई कर रही थी और विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र के एक निजी हॉस्टल में रहकर तैयारी कर रही थी। हॉस्टल के कमरे में उसका शव फंदे से लटका मिलने की सूचना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
ग्रामीणों के अनुसार, निधि पढ़ाई में बेहद मेधावी, शांत स्वभाव की और अपने भविष्य को लेकर गंभीर थी। उसका सपना शिक्षिका बनकर अपने परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत करना था। उसके पिता खेती-बाड़ी कर किसी तरह उसकी पढ़ाई का खर्च उठा रहे थे। निधि दो बहनों में सबसे बड़ी थी, जबकि उसका छोटा भाई प्राथमिक विद्यालय में पढ़ता है। परिवार को उससे बड़ी उम्मीदें थीं, लेकिन इस घटना ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।
घटना की सूचना मिलते ही मृतका की मां रीता देवी और मामा अवधेश कुमार दरभंगा पहुंचे। परिजनों का कहना है कि निधि किसी भी परिस्थिति में आत्महत्या जैसा कदम नहीं उठा सकती। उन्होंने पुलिस से पूरे मामले की गहराई से जांच कर सच्चाई सामने लाने और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।
इधर, विश्वविद्यालय थाना पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों के आवेदन मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस हत्या और आत्महत्या सहित सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच आगे बढ़ा रही है।
— रोहित कुमार सोनू
संपादक, मिथिला हिन्दी न्यूज
