वैशाली में टोटो चोरी के शक में युवक की पीट-पीटकर हत्या, अगवा कर दिनभर बनाया बंधक; तीन महिलाएं गिरफ्तार

हाजीपुर/वैशाली: बिहार के वैशाली जिले से इंसानियत को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। बिदुपुर थाना क्षेत्र के खपुरा गांव में टोटो चोरी के महज शक में एक युवक का अपहरण कर उसे पूरे दिन बंधक बनाकर बेरहमी से पीटा गया। गंभीर रूप से घायल युवक को आरोपी उसके घर के बाहर छोड़कर फरार हो गए। इलाज के दौरान युवक की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने मामले में तीन महिलाओं को गिरफ्तार किया है, जबकि मुख्य आरोपियों की तलाश जारी है। मृतक की पहचान खपुरा गांव निवासी सन्नी कुमार के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, गांव के मंजीत कुमार और रंजीत कुमार का टोटो दो दिन पहले चोरी हो गया था। दोनों को सन्नी पर चोरी का शक था। आरोप है कि पुलिस में शिकायत दर्ज कराने के बजाय मंजीत और उसके सहयोगियों ने सन्नी का अपहरण कर लिया और एक स्थान पर बंधक बनाकर सुबह से शाम तक लाठी-डंडों और अन्य हथियारों से उसकी बेरहमी से पिटाई की। जब आरोपियों को लगा कि सन्नी की हालत बेहद गंभीर हो गई है, तो वे उसे उसके घर के बाहर छोड़कर फरार हो गए। परिजन उसे तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर सदर एसडीपीओ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि टोटो चोरी की कोई लिखित शिकायत थाने में दर्ज नहीं कराई गई थी। कानून का सहारा लेने के बजाय आरोपियों ने खुद ही युवक को सजा देने की कोशिश की, जिसके कारण उसकी जान चली गई। पुलिस ने मामले में आरोपियों के घर की तीन महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं मुख्य आरोपी सहित अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि सभी दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अपराध और बिहार की हर बड़ी खबर के लिए पढ़ते रहिए मिथिला हिन्दी न्यूज।
👁️ अब तक पढ़ा गया: बार

إرسال تعليق

0 تعليقات
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.