दरभंगा में महिला को डायन बताकर मारपीट का आरोप, चार लोगों के खिलाफ शिकायत; पुलिस जांच में जुटी

दरभंगा: जिले के जाले थाना क्षेत्र से अंधविश्वास और महिला उत्पीड़न का एक गंभीर मामला सामने आया है। देउरा-बंधौली पंचायत के बघौल गांव की रहने वाली 36 वर्षीय रसीना खातून ने अपने चार पड़ोसियों पर डायन बताकर प्रताड़ित करने, घर में घुसकर मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने जाले थाना में आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है, जिसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पीड़िता रसीना खातून, जो मो. मोमताज की पत्नी हैं, ने अपने आवेदन में बताया कि 6 जुलाई की शाम गांव के मो. जमीर, उनकी पत्नी अजमेरी खातून, पुत्र सेहबूब और मो. कासीम उनके घर में घुस आए। आरोप है कि सभी ने उन्हें डायन कहकर गाली-गलौज की और विरोध करने पर बाल पकड़कर घर से बाहर सड़क तक घसीटते हुए मारपीट की। रसीना खातून का कहना है कि उनके पति रोज़गार के सिलसिले में बाहर रहते हैं और इसी का फायदा उठाकर आरोपी लगातार उन्हें डायन कहकर मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करते हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि विरोध करने पर आरोपित उन्हें जान से मारने की धमकी देते हैं, जिससे वह और उनका परिवार भय के साए में जीने को मजबूर है। मामले को लेकर जाले थानाध्यक्ष संदीप कुमार पाल ने बताया कि पीड़िता का आवेदन प्राप्त हो गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। गौरतलब है कि बिहार में डायन प्रथा प्रतिषेध कानून लागू है और किसी महिला को डायन बताकर प्रताड़ित करना दंडनीय अपराध है। इसके बावजूद राज्य के कई ग्रामीण इलाकों में अंधविश्वास के कारण इस तरह की घटनाएं समय-समय पर सामने आती रहती हैं। रिपोर्ट: रोहित कुमार सोनू मिथिला हिंदी न्यूज
👁️ अब तक पढ़ा गया: बार

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.