दरभंगा में छात्र प्रदर्शन के बाद बवाल, लोहिया चौक पर पथराव के बाद पुलिस का लाठीचार्ज

दरभंगा। दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे छात्र आंदोलन के समर्थन में गुरुवार को दरभंगा में निकाले गए छात्र प्रदर्शन के बाद लहेरियासराय थाना क्षेत्र का लोहिया चौक अचानक तनाव का केंद्र बन गया। प्रदर्शन समाप्त होने के बाद कुछ प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच झड़प की स्थिति उत्पन्न हो गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, पुलिस पर पथराव किए जाने के बाद हालात बिगड़ गए, जिसके बाद भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज किया। घटना के बाद कुछ समय के लिए लोहिया चौक रणक्षेत्र में तब्दील हो गया। सूचना मिलते ही दरभंगा प्रक्षेत्र के डीआईजी मनोज तिवारी, जिलाधिकारी कौशल कुमार और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जगुनाथ रेड्डी जलारेड्डी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। प्रशासन ने एहतियात के तौर पर भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती कर दी है और पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। बताया जा रहा है कि छात्र जंतर-मंतर पर चल रहे आंदोलन के समर्थन में प्रदर्शन कर रहे थे। प्रदर्शन के समापन के बाद कुछ लोगों द्वारा कथित तौर पर पुलिस पर पथराव किया गया, जिसके बाद पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए बल प्रयोग किया। घटना के बाद क्षेत्र में कुछ देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। गौरतलब है कि इसी दिन सुबह दरभंगा पुलिस लाइन में कानून-व्यवस्था से निपटने के लिए मॉक ड्रिल आयोजित की गई थी। इसके कुछ घंटों बाद ही शहर के प्रमुख लोहिया चौक पर प्रदर्शन के दौरान तनावपूर्ण स्थिति पैदा हो गई। प्रशासन ने नागरिकों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और शांति बनाए रखने की अपील की है। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है। समाचार लिखे जाने तक किसी के घायल होने या गिरफ्तार किए जाने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई थी। संपादक: रोहित कुमार सोनू मिथिला हिन्दी न्यूज
👁️ अब तक पढ़ा गया: बार

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.