👁️ अब तक पढ़ा गया:
बार
सीतामढ़ी: नगर थाना से संदिग्ध महिला फरार मामले में बड़ी कार्रवाई, प्रशिक्षु दारोगा निलंबित
0
July 21, 2026
सीतामढ़ी, बिहार: नगर थाना परिसर से हिरासत में ली गई एक संदिग्ध महिला के पुलिस को चकमा देकर फरार होने के मामले में पुलिस अधीक्षक अमित रंजन ने बड़ी कार्रवाई की है। मामले को गंभीर मानते हुए ड्यूटी में लापरवाही बरतने के आरोप में एक प्रशिक्षु पुलिस अवर निरीक्षक (दारोगा) को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, प्रारंभिक जांच में संबंधित प्रशिक्षु दारोगा को कर्तव्य में लापरवाही, मनमाने रवैये और अनुशासनहीनता का दोषी पाया गया। इसके आधार पर उनके खिलाफ तत्काल निलंबन की कार्रवाई की गई।
घटना के समय ड्यूटी पर तैनात गृहरक्षक महिला सिपाहियों की भूमिका भी सवालों के घेरे में आई है। एसपी ने उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई के लिए जिला समादेष्टा, गृहरक्षा वाहिनी, सीतामढ़ी को आवश्यक निर्देश जारी किए हैं।
बताया गया कि सोमवार को जगन्नाथ रथ यात्रा के दौरान चेन स्नेचिंग के आरोप में संदिग्ध महिला को हिरासत में लिया गया था। नगर थाना में पूछताछ के दौरान महिला ने शौच जाने की बात कही और इसी बहाने पुलिस को चकमा देकर फरार हो गई।
फिलहाल पुलिस फरार महिला की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है और पूरे मामले की जांच जारी है।
— मिथिला हिन्दी न्यूज
संपादक: रोहित कुमार सोनू
